
22 फीट ऊंचे ग्रीस पोल पर चढ़कर गोरखा ब्वॉयज ने मारी बाजी, इनाम में मिला बकरा
रांची में चार दिवसीय आनंद मेले का समापन ग्रीस पोल प्रतियोगिता के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी एस. कार्तिक और एसएसपी राकेश रंजन थे। प्रतियोगिता में गोरखा ब्वॉयज ने 45 सेकंड में 22 फीट ऊंचे पोल पर चढ़कर जीत हासिल की। विजेता टीम को पुरस्कार में 25 किलो का बकरा और 10 किलो फल मिला।
रांची, संवाददाता। जैप-वन मैदान में आयोजित चार दिवसीय आनंद मेले का समापन गुरुवार को पारंपरिक और रोमांचक ‘ग्रीस पोल’ प्रतियोगिता के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जैप-वन के डीआईजी एस. कार्तिक और रांची एसएसपी राकेश रंजन उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत नेपाली ढाका टोपी, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। प्रतियोगिता को देखने के लिए दोपहर से ही मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जैसे ही खेल शुरू हुआ, हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता में तीन टीमों- गोरखा ब्वॉयज, लाइन ब्वॉयज और वंदे ग्रुप ने हिस्सा लिया।
कठिन चुनौती और कड़ा मुकाबला प्रतियोगिता के नियम काफी चुनौतीपूर्ण थे। प्रथम चरण में टीम के सभी सदस्यों को पोल पर चढ़ने के लिए दो-दो मिनट का समय मिला। द्वितीय चरण में दो-दो सदस्यों को एक मिनट तीस सेकंड का समय दिया गया। वहीं, तृतीय चरण में तीन-तीन सदस्यों को मात्र तीस सेकंड का समय मिला। पोल पर ग्रीस लगा होने के कारण प्रतिभागी बार-बार नीचे फिसल रहे थे, जिसे देख दर्शक रोमांचित होकर हंसते और उनका हौसला बढ़ाते रहे। बढ़ती ठंड के बावजूद परिसर का माहौल बेहद गर्मजोशी भरा रहा। नन्हे बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी की नजरें पोल पर टिकी थीं। एक बकरा और 10 किलो फल मिला अंत में रोमांच को देखते हुए समय सीमा 30 सेकंड से बढ़ाकर 45 सेकंड कर दी गई। कड़े संघर्ष और टीम वर्क के बल पर ‘गोरखा ब्वॉयज’ के सदस्यों ने 22 फीट ऊंचे ग्रीस पोल पर 45 सेकंड में चढ़कर जीत हासिल की। विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में 25 किलो का एक बकरा और 10 किलो फल भेंट किए गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




