जिला अनुमोदन समिति की बैठक में नामांकन को मिली हरी झंडी
खूंटी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन को लेकर जिला अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने सभी योग्य छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का निर्णय लिया गया ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

खूंटी, संवाददाता। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं अन्य आवासीय विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन को लेकर जिला अनुमोदन समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने की। बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खूंटी, अड़की, रनिया, मुरहू, कर्रा, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तोरपा और नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय खूंटी में नामांकन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने विद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुरूप योग्य छात्राओं के नामांकन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी विद्यालय में सीट खाली न रहे और सभी पात्र छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने वार्डन एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नामांकन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और आगामी शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन समय पर प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, संबंधित विद्यालयों की वार्डन एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


