ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीरांची से दिल्ली जा रहे विमान की इस वजह से हुई कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

रांची से दिल्ली जा रहे विमान की इस वजह से हुई कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

रांची से दिल्ली जा रहा एयर एशिया के विमान की शुक्रवार की रात सात बजे कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। यह विमान शाम को छह बजे रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। विमान के रांची एयरपोर्ट से उड़ान...

रांची से दिल्ली जा रहे विमान की इस वजह से हुई कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग
रांची, लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 16 Dec 2017 11:39 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची से दिल्ली जा रहा एयर एशिया के विमान की शुक्रवार की रात सात बजे कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। यह विमान शाम को छह बजे रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। विमान के रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। आसमान में उड़ रहे विमान की जानकारी मिलने के बाद इसे कोलकाता के लिए डायवर्ट कराकर रात करीब सात बजे इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस विमान में कुल 141 विमान यात्री सवार थे। इसमें रांची से दिल्ली के 42 और कोलकाता-दिल्ली के 99 यात्री सवार थे। इसके बाद दूसरा विमान यात्रयों को लेकर कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भरा।

एयर एशिया के दिव्य कुमार के मुताबिक विमान के कोलकाता में आपात लैंडिंग के बाद यात्रियों के दिल्ली उड़ान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। विमान की तकनीकी खराबी के कारण परेशान यात्रियों को नाश्ते के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी गई।

विमान की लैंडिंग गियर में आयी खराबी

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक विमान के टेकऑफ के बाद इसका लैंडिंग गियर खराब हो गया। इस सिस्टम में विमान के रनवे छोड़ने और ऊंचाई पर जाने के बाद उसका पहिया अंदर जाकर कवर हो जाता है। लेकिन इस टेक ऑफ के बाद इसका पहिया बाहर ही रह गया। इस खराबी की जानकारी तत्काल दिल्ली, रांची और कोलकाता एटीसी को दी गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुमति के बाद इसे कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। वहां से एयर एशिया के दूसरे विमान से रात में कोलकाता और रांची के सभी यात्रियों को करीब नौ बजे दिल्ली भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक बेस एयरपोर्ट होने के कारण विमान को कोलकाता डायवर्ट कराया गया। वहां विमान के तकनीकी खराबी को दूर करने और मरम्मत की सुविधाएं हैं।

पिछले महीने भी रांची में हुआ था ग्राउंडेड

इससे पूर्व नवंबर माह में भी एयर एशिया का विमान रांची में ग्राउंडेड हो गया था। तब शाम को रांची से दिल्ली जा रहे विमान के कार्गो में धुआं उठने और आग लगने की घटना हुई थी। टेक ऑफ के बाद विमान को तुंरत रांची में सुरक्षित लैंडिंग करायी गई। इस विमान में 140 पैसेंजर सवार थे। विमान रांची में ग्राउंडेड हो गया और अगले दिन ठीक होकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें