ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीराज्य के 77 फीसदी घरों तक पहुंची बिजली, दिसंबर से नो कट : ऊर्जा मंत्री

राज्य के 77 फीसदी घरों तक पहुंची बिजली, दिसंबर से नो कट : ऊर्जा मंत्री

केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री राजकुमार सिंह ने कहा है कि 31 दिसंबर से झारखंड में निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी 24 जिलों के हर घर तक बिजली कनेक्शन देकर निर्बाध आपूर्ति का...

राज्य के 77 फीसदी घरों तक पहुंची बिजली, दिसंबर से नो कट : ऊर्जा मंत्री
हिन्दुस्तान टीम,रांचीWed, 25 Apr 2018 02:44 AM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री राजकुमार सिंह ने कहा है कि 31 दिसंबर से झारखंड में निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी 24 जिलों के हर घर तक बिजली कनेक्शन देकर निर्बाध आपूर्ति का रोडमैप प्रस्तुत किया। प्रेसवार्ता से पहले सिंह ने मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में ग्रामीण विद्युतीकरण, सौभाग्य योजना और ग्राम स्वराज अभियान की समीक्षा के लिए राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

इन योजनाओं की प्रगति पर संतोष जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से झारखंड में विद्युतीकरण के क्षेत्र में प्रगति हो रही है, वह देश का मानक बन सकता है। उन्होंने बताया कि संभवना है कि 20 से 25 मई के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पतरातू में सुपर थर्मल पावर स्टेशन का शिलान्यास करने आएंगे। इस दौरान ऊर्जा सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी, जेबीवीएनएल के एमडी राहुल पुरवार, संचरण निगम के एमडी निरंजन कुमार, जेबीवीएनएल के मुख्य अभियंता ग्रामीण ओमप्रकाश अम्बष्ट, ज्रेडा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।

गुमला और गढ़वा में विद्युतीकरण चुनौतीपूर्ण

मंत्री सिंह को जेबीवीएनएल के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार ने पावर प्रेजेंटेंशन के माध्सम से बताया कि झारखंड की भौगोलिक स्थिति और अन्य कारणों से कुछ जिलों जैसे गुमला, गढ़वा में विद्युतीकरण की राह में काफी चुनौतियां हैं। मंत्री ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि विद्युतीकरण की प्रक्रिया में जो भी अवरोध आएंगे, उसे वह प्राथमिकता के आधार पर दूर करेंगे।

सौभाग्य में झारखंड बनेगा नंबर वन

ऊर्जा मंत्री ने बिजली अधिकारियों से कहा कि सौभाग्य योजना के क्रियान्वयन में झारखंड देश का पहला राज्य बनने की दिशा में काम करें। इसके लिए उन्होंने जुलाई तक का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि देश में विद्युतीकरण के माध्यम से साइलेंट रिवोल्यूशन जारी है। उन्होंने विद्युतीकरण की प्रगति को प्रत्येक दिन पोर्टल पर अपडेट करने को कहा।

राज्य के 77 फीसदी घरों में पहुंची बिजली

बैठक में बताया गया कि अभी तक राज्य के 77 फीसदी घरों तक बिजली पहुंचा दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र के 56 और शहरी क्षेत्र के 98 फीसदी घरों का विद्युतीकरण कर लिया गया है। मंत्री ने इन उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड ने तकनीक के जरिये बिजली लॉस काफी कम किया है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिले केंद्रीय ऊर्जा मंत्री

केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके सिंह ने मंगलवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को अपने मंत्रालय द्वारा किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। इस मौके पर राज्यपाल के प्रधान सचिव नितिन कुलकर्णी भी मौजूद थे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी मुलाकात की। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही बिजली की योजनाओं से उन्हें अवगत कराया और ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास के बारे में भी बताया। आरके सिंह ने ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें