ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीसोशल मीडिया पर भी मचा है चुनावी घमासान

सोशल मीडिया पर भी मचा है चुनावी घमासान

विधानसभा की दो सीटों बेरमो और दुमका के लिए उपचुनाव की सरगर्मी तेज सोशल मीडिया पर चुनावी घमासान...

सोशल मीडिया पर भी मचा है चुनावी घमासान
हिन्दुस्तान टीम,रांचीThu, 15 Oct 2020 09:21 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड की दो विधानसभा सीटों बेरमो और दुमका के उपचुनाव को लेकर वर्चुअल वाकयुद्ध किसी बड़े घमासान से कम नजर नहीं आ रहा है। चुनावी सभाओं से अलग सोशल मीडिया के संग्राम में पार्टी के साथ-साथ समर्थक भी जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। दोनों तरफ से खुद को बेहतर साबित करने का प्रयास हो रहा है।

सत्तारुढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो अपलोड करके लिखा गया है कि न्याय मांगने आए व्यथित पिता को भाजपा के घमंडी सीएम रघुवर दास ने इसलिए दुत्कारा क्योंकि वह पिता अपनी मृत बेटी के लिए न्याय मांगने आया था। झामुमो ने भाजपा की इस हिम्मत का कारण पूछते हुए कहा है कि इसके विपरीत सरकार बनते ही हेमंत सोरेन ने बेटियों को त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट खोलने की पहल की। वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास नाराज दिखाई दे रहे हैं।

दुमका से भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए प्रत्याशी डॉ लोईस मरांडी ने लिखा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के पतना में नाबालिग आदिवासी लड़की की बलात्कार के बाद हत्या कर दी जाती है। जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र में बेटियां सुरक्षित नहीं तो राज्य की क्या स्थिति होगी। उन्होंने इस वारदात से जुड़ी खबर को पोस्ट किया है। इस पर झामुमो की तरफ से कहा गया कि राज्य की बेटियों को इंसाफ मिले इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 22 फास्ट ट्रैक कोर्ट की अनुमति दी थी। झामुमो ने सवाल करते हुए पूछा कि यह सब भाजपा ने पहले क्यूं नहीं किया। इतने साल वह कहां सोई रही। आगे लिखा गया कि भाजपा सरकार में बलात्कार के डरावने आंकड़े और उन्हें संरक्षण देने वालों के बयान कुछ और ही बता रहे हैं। वहीं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि साहिबगंज के लकीपुर गांव की घटना में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है, सरकार से उन्होंने तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

चुनाव परिवारवाद बनाम लोकतंत्र का है : भाजपा

भाजपा झारखंड के ट्विटर हैंडल पर आजसू के समर्थन पर कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी और आजसू का गठबंधन नैसर्गिक है। जब-जब हम मिलकर लड़े हैं महाठगबंधन को हराया है। यह चुनाव मूलतः परिवारवाद बनाम लोकतंत्र है। इसके जवाब में झामुमो की तरफ से कहा गया कि भाजपा का लोकतंत्र वही है जहां, बेटियों का शोषण करने वाले भाजपाई नेताओं को यह माला पहनायें, इनके विरोध में बोलने वाले को यह जेल में डाल दें, निजीकरण कर सब अपने चंद व्यापारी मित्रों को बेच दें, डबल इंजन के नाम पर लूट मचायें, यह जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बांटते हैं।

भाजपा की मांग बरहेट की बेटी को इंसाफ दो :

भाजपा का प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व ने एकजुट होकर बरहेट की बेटी को इंसाफ दो हैश टैग ट्विटर पर चलाया है। बरहेट में नाबालिग के साथ बलात्कार के बाद हत्या के मामले में प्रशासन पर लीपापोती का आरोप लगाया गया है। इसमें समर्थक भी कूद पड़े हैं।

कांग्रेस का हैश टैग का किए हो :

कांग्रेस ने भाजपा को घेरने के लिए ट्विटर पर हैश टैग का किये हो शुरू किया है। इसमें बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के शासन पर निशाना साधा जा रहा है। जैसे बच्चों का बचपन छीनकर, मजबूरी में बनाया मजदूर। सिर्फ भाषणों से नहीं बन पायेगा गौरवशाली बिहार। गरीब-मजबूर बच्चों के साथ ई #का_किये_हो। ऐसे कई सवाल देखने को मिल रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें