मांडर-चान्हो में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनी बकरीद
भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व बकरीद गुरुवार को मांडर एवं चान्हो प्रखंड में श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया

मांडर/चान्हो। भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को मांडर और चान्हो प्रखंड में श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों मुस्लिम श्रद्धालुओं ने विशेष नमाज अदा कर अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। अधिकांश स्थानों पर सुबह सात बजे से साढ़े सात बजे के बीच नमाज अदा की गई। मांडर जामा मस्जिद में मौलाना इफ्तिखार कासमी, मुड़मा ईदगाह में कारी ताहा मसूदी, चान्हो के चटवल ईदगाह में मौलाना रफीक कासमी, बलसोकरा में मुफ्ती मो. खालिद, पंडरी में मुफ्ती खतिबुर रहमान तथा तरंगा में मौलाना इरफान कासमी ने नमाज अदा कराई।
नमाज के दौरान मुल्क में शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। पर्व को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों, ईदगाहों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पर्व की पूर्व संध्या पर मांडर एवं चान्हो पुलिस द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


