ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीपूरी राजधानी को सीसीटीवी के जद में लाने की कवायद

पूरी राजधानी को सीसीटीवी के जद में लाने की कवायद

राजधानी रांची अब जल्द ही तीसरी आंख की निगरानी में होगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और पहले से काम कर रही कचहरी स्थित कंट्रोल रूम को...

पूरी राजधानी को सीसीटीवी के जद में लाने की कवायद
हिन्दुस्तान टीम,रांचीFri, 18 Jun 2021 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

तैयारी :::::::::::::::

मर्ज होंगे स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और सीसीआर के कैमरे

जरूरी उपकरण के आकलन के लिए पुलिस अधिकारियों ने किया मुआयना

रांची। वरीय संवाददाता

राजधानी रांची अब जल्द ही तीसरी आंख की निगरानी में होगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और पहले से काम कर रही कचहरी स्थित कंट्रोल रूम को मर्ज किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। दोनों कंट्रोल रूम के आपस में लिंकअप होने के बाद पूरा शहर कैमरों की जद में आ जाएगा। पूरी राजधानी को सीसीटीवी कैमरे की जद में लाने के लिए काम भी शुरू कर दिया गया है।

इस काम के लिए जो जरूरी उपकरण चाहिए, उसके आकलन के लिए शुक्रवार को रांची के सीनियर एसपी सुरेंद्र कुमार झा, सिटी एसपी सौरभ, ट्रैफिक एसपी अंजनी अंजन के साथ कई पुलिस अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम और कचहरी स्थित कंट्रोल रूम का मुआयना किया। रांची के सीनियर एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश शहरी इलाकों में सीसीटीवी कैमरे का जाल बिछा दिया गया है, क्योंकि अब आप दो जगहों से पूरे शहर पर नजर रख सकते हैं। एक कंट्रोल रूम कचहरी चौक स्थित सीसीआर में है, जबकि दूसरा स्मार्ट सिटी में। ऐसे में अब यह प्रयास शुरू किया गया है कि दोनों कंट्रोल रूम को एक साथ मर्ज कर दिया जाए, ताकि पीसीआर टेट्रा से लेकर पुलिस के सभी विंगो की मॉनिटरिंग की जा सके।

शहर के बाहरी इलाकों पर भी होगी निगरानी

इस बार सीसीटीवी परियोजना में रांची के बाहरी इलाकों को भी शामिल किया गया है। शहर के बाहर आने-जाने वाले हर प्रमुख चौक-चौराहों पर उच्च तकनीक के कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि हर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके। रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी में आधुनिक कंट्रोल रूम और राजधानी रांची का कमांड सेंटर तैयार कर लिया गया है। रांची शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को इससे जोड़ा गया है। इसके लिए शहर में कई तरह के आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारी इस कमांड सेंटर में बैठकर पूरे शहर के चप्पे-चप्पे पर निगाह रख सकते हैं। रांची के ट्रैफिक सिस्टम को भी इसी कमांड सेंटर से नियंत्रित करने की योजना है। यहां आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम लगाया गया है, जो स्वचालित होगा। यानी जिस तरफ वाहनों की भीड़ ज्यादा होगी, उसे आवाजाही का ज्यादा समय मिलेगा। शहर में माइकिंग की भी व्यवस्था की गई है। इस कंट्रोल रूम से पूरे शहर में कोई भी संदेश एक साथ दिया जा सकता है।

बेहतर होगी राजधानी की मॉनिटरिंग

पूर्व से रांची के 50 लोकेशन पर आरएलवीडी और एएनपीआर, 40 जंक्शन पर एटीसीएस, 10 लोकेशन पर एसवीडी कैमरे और क्राइम कंट्रोल के लिए 64 सीसीटीवी पहले से ही लगाए गए हैं। जो सिटी सर्विलांस सिस्टम के तहत काम करता है। दरअसल सिटी सर्विलांस सिस्टम शहरी क्षेत्र में एक तरह से कैमरे का जाल है, जो कंट्रोल रूम से जुड़ा होता है। ऐसे कैमरे शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे होते हैं। जैसे रांची में 170 स्थानों पर यह सिस्टम लगा है। इनमें हाई रिजोल्यूशन कैमरे भी होते हैं, जिससे गाड़ियों के नंबर प्लेट को पढ़ा जाता है। उस चौक से गुजरने वाले अपराधी भी कैमरे में कैद होते हैं। इस कैमरे की मदद से वाहन चोर सहित अन्य घटनाओं में शामिल अपराधी भी पूर्व में पकड़े जा चुके हैं। ऐसे में जब दोनों कंट्रोल रूम एक दूसरे से लिंक हो जाएंगे तो पूरा शहर पुलिस की निगरानी में होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें