मशहूर फिल्म अभिनेता और कांग्रेस के स्टार प्रचारक शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि झारखंड में डबल इंजन का चक्का फेल हो चुका है। अब यहां परिवर्तन करने का समय है, कई जगह इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। अब झारखंड की जनता भी बदलाव के लिए तैयार है। वे बुधवार को खलारी और बेड़ो में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
सभा को संबोधित करते हुए सिन्हा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। कहा नोटबंदी और जीएसटी से पूरा देश परेशान है। उद्योग बर्बाद हो गएं। लाखों युवाओं की नौकरी छिन गई। महंगाई चरम पर है। प्याज रूला रहा है। इस सरकार ने पूरे देश का बेड़ा गर्क करके रख दिया है।
बिहारी बाबू ने कहा कि व्यक्ति से बड़ा देश होता है और जब देश परेशान हुआ तो परिणाम की चिंता किए बगैर हमने इसके खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि आज देश में भय का माहौल है। यह बात अब उद्योगपति भी कहने लगे है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को सिर्फ कांग्रेस ही बदल सकती है।