Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsDiwali and Sohrai Festival Celebrated with Traditional Joy in Itki
मांदर की थाप के बीच इटकी में धूमधाम से मना दीपावली-सोहराई पर्व

मांदर की थाप के बीच इटकी में धूमधाम से मना दीपावली-सोहराई पर्व

संक्षेप: इटकी और आसपास के क्षेत्रों में दीपावली और सोहराई पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपों से सजे घरों ने क्षेत्र को जगमग कर दिया। जतरा में महिलाओं ने कलश लेकर शोभायात्रा निकाली। गोपालकों ने अपने पशुओं...

Tue, 21 Oct 2025 09:45 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

इटकी, प्रतिनिधि। इटकी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली सह सोहराई पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सोमवार की शाम दीपों से सजे घरों ने पूरे क्षेत्र को जगमगा दिया। वहीं मंगलवार की देर शाम इटकी बाजार टांड़ स्थित सरना स्थल पर वार्षिक पारंपरिक जतरा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। शाम करीब पांच बजे से आखड़ा स्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा शुरू हुआ। छह बजे महिलाएं माथे पर कलश लेकर मांदर की थाप पर नाचते-गाते हुए शोभायात्रा निकालीं। यह शोभायात्रा इटकी बाजार देवी मंडप चौक से होते हुए जतरा स्थल पहुंची, जहां मांदर, डोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर पारंपरिक नृत्य और गीत प्रस्तुत किए गए।

सोहराई पर्व के तहत क्षेत्र के गोपालकों ने गाय, बैल, भैंस सहित अन्य पशुओं को स्नान कराकर फूलों की माला पहनाई और पारंपरिक रूप से सजाया। गोशाला में मुर्गे की बलि देकर पूजा-अर्चना की गई। पशुओं के माथे पर तेल मालिश कर उन्हें विभिन्न प्रकार के दाल, अनाज और सब्जियों से बने भोजन खिलाए गए। गोवर्धन पूजा के दौरान लोगों ने गोवंश की वृद्धि और उनके निरोग रहने की कामना की। वहीं सोमवार की रात सेमरा गांव में आयोजित रंगारंग नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने ठेठ सोहराई गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में देर रात तक ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही।