शिक्षा सुधार में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर हुई चर्चा
खूंटी में जिला शिक्षा परियोजना द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य मुखियाओं को शिक्षा प्रणाली में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराना था। अधिकारियों ने शिक्षा के अधिकार और स्थानीय प्राधिकारों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की।

खूंटी, संवाददाता। जिला शिक्षा परियोजना खूंटी की ओर से मंगलवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय खूंटी के सभागार में जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायतीराज पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, उपाध्यक्ष मंजू देवी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरुपा पाल चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों- विशेषकर मुखियाओं को शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनकी जिम्मेदारियों एवं भूमिका से अवगत कराना था। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पंचायतीराज संस्थान शिक्षा की नींव को मजबूत करने की प्रमुख कड़ी हैं और उनके सक्रिय सहयोग से ही शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण सुधार संभव है।
अधिकारियों ने बताया कि निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम, समग्र शिक्षा अभियान और नई शिक्षा नीति के तहत 03 से 18 वर्ष तक के बच्चों का शिशु पंजी अद्यतीकरण, नामांकन, ठहराव 12वीं तक शिक्षा पूर्ण कराना स्थानीय प्राधिकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए उन्मुखीकरण आवश्यक है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से शिक्षा संचालन, नामांकन अभियान, ड्रॉपआउट नियंत्रण तथा विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों को मंच पर आमंत्रित कर मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, अनेक मुखिया, शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने इसे शिक्षा सुधार की दिशा में एक सार्थक एवं प्रभावी पहल बताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




