Ranchi News: उपायुक्त ने विद्युत प्रमंडल कार्यालय व सब स्टेशन का किया निरीक्षण
Ranchi News: उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने खूंटी के विद्युत कार्यालय और पावर सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का आदेश दिया और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Ranchi News: खूंटी, संवाददाता। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय एवं पावर सब स्टेशन खूंटी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, संचिकाओं के निष्पादन तथा विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल जेम्स कुजर समेत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहने तथा निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने को कहा। उपायुक्त ने आमजनों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मौके पर मौजूद विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएं भी उपायुक्त ने सुनीं और उनके त्वरित समाधान का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

