डीसी ने स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने पर दिया जोर
08 मई खूंटी 17 पी खूंटी स्थित समाहरणालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करते

खूंटी, संवाददाता। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक कर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं और की-एक्शन प्लान की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना की राशि का योजनाबद्ध उपयोग करने तथा हीट वेव और मौसमी बीमारियों को देखते हुए अस्पतालों में दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, ई-हॉस्पिटल व्यवस्था, डिजिटल रजिस्ट्रेशन और सीसीटीवी इंस्टॉलेशन की भी समीक्षा की। बैठक में एंबुलेंस और ममता वाहन को शत-प्रतिशत कार्यरत रखने, बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने बताया कि 15 मई को जिले में विशेष कृमिनाशक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बेहतर कार्य के लिए एमओआईसी खूंटी और एमओआईसी तोरपा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


