Ranchi News: बुंडू में मरीजों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा की मांग
Ranchi News: बुंडू अनुमंडल के चार प्रखंडों में मरीजों के लिए एंबुलेंस सेवा को निशुल्क करने की मांग की गई है। आजसू पार्टी के नेता राजकिशोर कुशवाहा ने पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग से इस दिशा में तत्काल पहल की अपील की है, क्योंकि गंभीर मरीजों के लिए भुगतान करना कठिन हो रहा है।

Ranchi News: बुंडू, संवाददाता। बुंडू अनुमंडल के बुंडू, तमाड़, राहे और सोनाहातू प्रखंडों में मरीजों के लिए एंबुलेंस सेवा पूरी तरह निशुल्क करने की मांग उठी है। आजसू पार्टी के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष सह जय हो सेवा संस्था, बुंडू के सह-संस्थापक राजकिशोर कुशवाहा ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र और ई-मेल भेजकर तत्काल पहल की मांग की है। कुशवाहा ने कहा कि चारों प्रखंडों में 108 एंबुलेंस सेवा ठप रहने से गंभीर मरीजों को परेशानी हो रही है। गंभीर चोट, बेहोशी या गंभीर बीमारी के कारण रांची रेफर किए जाने पर गरीब मरीजों को एंबुलेंस के लिए 12 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से ईंधन खर्च देना पड़ता है।
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह खर्च उठाना मुश्किल है। पैसे के अभाव में कई मरीज समय पर बेहतर इलाज के लिए रांची नहीं पहुंच पाते। उन्होंने रांची उपायुक्त से भी तत्काल हस्तक्षेप कर बुंडू अनुमंडल के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


