
नगड़ी में दिनदहाड़े दो मंदिरों से जेवरात चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
पिस्कानगड़ी के दलादली चौक के पास मां दुर्गा और बजरंग बली मंदिर में दिनदहाड़े चोरी हुई। चोरों ने 20 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण चुराए, जिसमें मांगटीका और भगवान कृष्ण की मूर्ति का मुकुट शामिल हैं। CCTV फुटेज में एक चोर की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस चोरों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
पिस्कानगड़ी, प्रतिनिधि। नगड़ी के दलादली चौक के पास रिंग रोड किनारे स्थित मां दुर्गा मंदिर और बजरंग बली मंदिर में दिनदहाड़े चोरी हो गई। घटना रविवार को दिन के लगभग 3:30 बजे की है। चोर मंदिर में घुसकर मां दुर्गा का सोने का मांगटीका, लॉकेट और कंगन और भगवान कृष्ण की मूर्ति से सोने का मुकुट उतार ले गए। चोरी हुए सोने के आभूषणों का वजन 20 ग्राम से अधिक है। चोरी की घटना में दो-तीन चोरों के शामिल होने की आशंका है। चोरों ने जल्दबाजी में सीसीटीवी उखाड़ लिया, लेकिन डीवीआर छोड़ गए। डीवीआर की जांच में एक चोर की तस्वीर कैद हुई है।

फुटेज में दिखा कि मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने मां दुर्गा की प्रतिमा के आगे कई बार हाथ जोड़कर प्रणाम किया और चोरी करने के लिए माफी भी मांगी इसके बाद उसने जेवर चुराए। दो अन्य चोर मंदिर के बाहर निगरानी कर रहे थे। मंदिर में चोरी की जानकारी आधे घंटे बाद कुछ ग्रामीणों के पहुंचने पर हुई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की पेट्रोलिंग नहीं होने और नशेड़ी लोगों की अड्डेबाजी पर रोक नहीं लगाने की लापरवाही पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर दलादली टीओपी प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय पुलिस बल के साथ पहुंचे और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। इस संबंध में मंदिर समिति के सचिव अभिषेक मिश्र ने रविवार को दलादली टीओपी में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। टीओपी प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आए चोरों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




