दिल्ली में सिल्ली के डीएवी स्कूल के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन
सिल्ली स्थित डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय ने अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में उपविजेता बनकर ट्रॉफी जीती। विद्यार्थियों ने 13 पदक जीते, जिसमें 3 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य शामिल हैं।

सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली स्थित डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सोमवार को विद्यालय परिसर में पदक विजेता छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। चार राज्यों में आयोजित हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता: विद्यालय के प्राचार्य बी शरण ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2026 तक नोएडा, नई दिल्ली, रायपुर एवं हरिद्वार में किया गया था। इस प्रतियोगिता में देशभर के डीएवी विद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हुए।
डीएवी सिल्ली के विद्यार्थियों ने वुशु, रोप स्किपिंग, स्विमिंग, कराटे एवं वेट लिफ्टिंग जैसी विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। दो वर्गों में उपविजेता बनकर जीती ट्रॉफी: प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने अंडर-14 वर्ग में प्रथम उपविजेता तथा अंडर-17 वर्ग में भी प्रथम उपविजेता का गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर ट्रॉफी जीतने का सम्मान हासिल किया। विद्यार्थियों ने कुल 13 पदक अपने नाम किए, जिनमें 3 स्वर्ण, 5 रजत एवं 5 कांस्य पदक शामिल हैं। अनुशासन और परिश्रम का परिणाम: प्राचार्य प्राचार्य बी शरण ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। प्राचार्य ने इस सफलता का श्रेय खेल शिक्षक विजय कुमार, वाहिद अली एवं शशिकांत महतो को देते हुए कहा कि इनके कुशल मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से ही विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। वहीं एस्कॉर्ट शिक्षक एसएन मुखर्जी, शशांक कुमार पाठक एवं खुशबू शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं: विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


