जर्जर राडू नदी पुल से गुजर रहे भारी वाहन, हादसे का बढ़ा खतरा
सोनाहातू, प्रतिनिधि। राडू नदी पर सालसुद गांव के समीप पुल अत्यंत जर्जर स्थिति में है। इसके बावजूद भारी वाहनों का आवागमन जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल सतही मरम्मत कर रहा है। कार्यपालक अभियंता ने पुल को बंद करने का निर्देश दिया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

सोनाहातू, प्रतिनिधि। सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग पर सालसुद गांव के समीप राडू नदी पर स्थित पुल अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। पुल के कई हिस्सों से कंक्रीट उखड़ चुकी है तथा लोहे के सरिये बाहर दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद पुल से भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। जानकारी के अनुसार पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल रांची (ग्रामीण) द्वारा पुल की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल सतही मरम्मत कर खानापूर्ति कर रहा है। उनका कहना है कि बाहर निकले सरियों पर केवल सीमेंट की परत चढ़ाई जा रही है, जिससे पुल की वास्तविक मजबूती सुनिश्चित नहीं हो पा रही है。
पुल की स्थिति
पुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल रांची (ग्रामीण) ने मरम्मत कार्य के दौरान पुल को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है। विभाग की ओर से इस संबंध में सूचना बोर्ड भी लगाया गया है। इसके बावजूद प्रशासनिक निगरानी के अभाव में दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने हाल ही में खूंटी जिले में पुलिया धंसने की घटना का हवाला देते हुए प्रशासन को आगाह किया है। मानसून के आगमन से पहले स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने तथा तेज बहाव के कारण पुल पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, जिससे इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाएगा। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने, बैरिकेडिंग कर सख्ती से आदेश का पालन कराने, वैकल्पिक मार्ग से वाहनों का परिचालन सुनिश्चित करने तथा अविलंब नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


