दुष्कर्म पीड़िता से मिलने बुढ़मू पहुंची डालसा टीम
डालसा ने दुष्कर्म मामले की जांच के लिए टीम बनाई है। टीम ने पीड़िता से मुलाकात की और उसे कानूनी सहायता का आश्वासन दिया। मुआवजा दिलाने के लिए आवेदन लिया गया है और पीड़िता के परिवार को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

बुढ़मू, प्रतिनिधि। दैनिक हिन्दुस्तान में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने दुष्कर्म मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। शुक्रवार को झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश तथा सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के आदेश पर सह जिलाध्यक्ष विधिक सेवा प्राधिकार रांची अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में डालसा सचिव राकेश रौशन ने एक टीम का गठन किया। गठित टीम में डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, सहायक एलएडीसी पंकज कुमार शर्मा, पीएलवी बंधु उरांव, दीपक मुंडा, सिकंदर मुंडा, सादिक अली, अनिल ठाकुर एवं काजल कुमारी शामिल थे। टीम के सदस्य शुक्रवार को बुढ़मू प्रखंड के हतनई गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
टीम ने पीड़िता का हालचाल जाना और उसे हरसंभव कानूनी सहायता देने का आश्वासन दिया।मुआवजा और कानूनी सहायता की प्रक्रिया शुरू:डालसा की टीम ने पीड़िता को मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक आवेदन लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जल्द पूरी कर पीड़िता को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी आवेदन लिया गया है।डालसा की ओर से पीड़िता के केस की देखरेख के लिए निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। इसके अलावा पीड़िता के परिवार को इंदिरा आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।आगे पढ़ाई करना चाहती है पीड़िता:बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि पीड़िता के साथ उसी गांव के एक व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता के परिवार में माता-पिता, एक भाई और तीन बहन हैं। पीड़िता कक्षा नौ तक पढ़ाई कर चुकी है और आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है। परिजनों ने बताया कि पीड़िता के पिता झारखंड से बाहर बिहार के बक्सर में काम करते हैं। वहीं डालसा के पीएलवी रिशभ जायसवाल ने पीड़िता का मेडिकल जांच कराने में सहयोग प्रदान किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


