धमधमियां कॉलोनी में धमकी देने के आरोप में एक गिरफ्तार
खलारी के धमधमियां कालोनी में शुक्रवार रात को अपराधियों ने तीन घरों में धमकी दी। अरुण कुमार दुबे और अन्य ने आरोप लगाया कि सोबित शर्मा और महेंद्र चौहान ने क्षेत्र में आतंक मचा रखा है। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

खलारी, संवाददाता। खलारी कोयलांचल क्षेत्र के मैक्लुस्कीगंज थाना अंतर्गत धमधमियां स्थित सीसीएल की आवासीय कालोनी में शुक्रवार देर रात अपराधी प्रवृत्ति के लोगों द्वारा तीन घरों में धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कालोनीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब तीन बजे पुरनाडीह कालोनी बिरसानगर निवासी अरुण कुमार दुबे समेत तीन लोगों को कथित रूप से धमकाया गया। अरुण कुमार दुबे ने आरोप लगाया कि सोबित शर्मा उर्फ राजा और महेंद्र चौहान अपने अन्य साथियों के साथ पिछले कुछ दिनों से धमधमियां कॉलोनी में आतंक मचा रहे हैं। उनके द्वारा लगातार लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का वातावरण बना हुआ है।
घटना के बाद अरुण कुमार दुबे ने शनिवार सुबह वरीय पुलिस अधीक्षक को फोन पर मामले की जानकारी दी। अरुण कुमार दुबे एवं सुनीता देवी ने मैकलुस्कीगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले भी धमधमियां निवासी जशवंत पांडेय ने इसी तरह की घटना को लेकर थाना में शिकायत की थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र चौहान को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कोट --- खलारी कोयलांचल क्षेत्र के धमधमियां कालोनी में रहने वाले किसी को डरने या दहशत में रहने की आवश्यकता नहीं है। दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी बेझिझक पुलिस को दें, पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। -राम नारायण चौधरी, डीएसपी खलारी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



