रांची। संवाददाता
बीएयू कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को मुख्यालय समीप स्थित टेक्नोलॉजी पार्क का भ्रमण किया। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ पार्क में प्रदर्शित कृषि तकनीकी प्रक्षेत्रों की प्रासंगिकता पर चर्चा की। मौके पर उन्होंने वैज्ञानिकों को अधिकाधिक किसानोपयोगी तकनीकों से पार्क को आच्छादित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के उपयुक्त विभिन्न फसलों की तकनीकी पर चर्चा की। वैज्ञानिकों को टेक्नोलॉजी पार्क को फार्मर्स फ्रेंडली के रूप में विकसित करने और पांच वर्षीय रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया।
भ्रमण के दौरान कुलपति ने पार्क में लगे तीसी फसल के तकनीकी प्रक्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में तीसी फसल के क्षेत्र में सराहनीय शोध कार्य चल रहा है। बीएयू द्वारा विकसित तीसी की तीनों किस्मों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इन किस्मों के गुणन में अनुवांशिक शुद्धता को निरंतर बनाये रखने की आवश्यकता है। तीसी परियोजना अन्वेंशक डॉ सोहन राम ने चालु रबी मौसम में चलाये जा रहे शोध एवं प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी दी। मौके पर डॉ एमएस यादव, डॉ अब्दुल वदूद, डॉ जेडए हैदर, डॉ जगरनाथ उरांव, डॉ केके झा, डॉ डीके शाही, डॉ अरविन्द कुमार, प्रदीप कुमार सहित अनेकों वैज्ञानिक मौजूद रहे।
डॉ एचआर मिश्र के निधन पर शोक सभा का आयोजन
रांची I बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार को विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ हरेराज मिश्र के निधन पर प्रबंध पर्षद कक्ष में शोक सभा का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारियों ने डॉ मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवगंत आत्मा की शांति की कामना की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवगंत आत्मा को श्रद्धांजली दी।
नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन आज
रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा शुक्रवार को नए साल के अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय मुख्यालय के प्रांगण में सुबह 10.30 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा। मौके पर बिरसा किसान डायरी-2021 व टेलीफोन डायरेक्टरी का विमोचन तथा कर्मचारियों को कुलपति द्वारा नव वर्ष संदेश दिया जाएगा।