
बिनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की जमानत याचिका खारिज
आय से अधिक संपत्ति मामले में एसीबी को मिला है सबूत, स्निग्धा फिलहाल एसीबी पकड़ से दूर, गिरफ्तारी का प्रयास
रांची, संवाददाता। आय से अधिक संपत्ति, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में आरोपी नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक बिनय कुमार सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह को झटका लगा है। उसकी ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका एसीबी के विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत ने सुनवाई पश्चात खारिज कर दी। स्निग्धा सिंह ने एक दिसंबर को याचिका दाखिल कर अग्रिम जमानत की गुहार लगाई थी। स्निग्धा सिंह फिलहाल एसीबी पकड़ से दूर है। जांच एजेंसी एसीबी उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। आय से अधिक संपत्ति मामले में स्निग्धा सिंह के खिलाफ एसीबी को सबूत मिला है। यह मामला आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे और उनके करीबियों द्वारा भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित अवैध धन को ‘सफेद’ करने (लेयरिंग) से जुड़ा है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) की जांच में पाया गया कि विनय चौबे ने अपनी सेवा अवधि के दौरान अपनी वैध आय (2.20 करोड़ रुपए) से लगभग 53% अधिक (3.47 करोड़ रुपए) खर्च किए। अदालत ने इसे एक गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए कहा कि मामले की तह तक जाने के लिए आरोपी की हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। स्निग्धा सिंह पर गंभीर आरोप अदालत के आदेश के अनुसार स्निग्धा सिंह और उसके पति बिनय कुमार सिंह ने अपनी कंपनी ‘नेक्स्जेन सॉल्यूशन टेक्नोलॉजी’ के माध्यम से आईएएस विनय चौबे के अवैध धन को खपाने में मुख्य भूमिका निभाई। स्निग्धा सिंह के खाते से विनय चौबे के रिश्तेदारों (शिपिज त्रिवेदी और प्रियंका त्रिवेदी) के संयुक्त खाते में 14.25 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। स्निग्धा की कंपनी द्वारा विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता को ‘मैनेजमेंट कंसल्टेंट’ बताकर 2019 से 2023 के बीच हर महीने 1.50 लाख रुपये (कुल 73 लाख रुपये) का भुगतान किया गया, जिसका कोई ठोस रिकॉर्ड नहीं मिला। इन नामों का भी आया जिक्र एसीबी की एफआईआर में विनय चौबे के अलावा उनके ससुर सतेंद्र नाथ त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, सरहज प्रियंका त्रिवेदी, पत्नी स्वप्ना संचिता और मित्र विनय कुमार सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। जांच में छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में बेनामी संपत्तियों और कोलकाता स्थित शेल कंपनी ‘चेतन डील मार्क प्राइवेट लिमिटेड’ में निवेश के सुराग मिले हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




