किसानों और वनोपज संग्राहकों को मिलेगा उत्पादों का बेहतर मूल्य: डीसी

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

रांची में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड की आमसभा आयोजित हुई। उपायुक्त ने सहकारी संस्थाओं की भूमिका, डिजिटलीकरण और नशा मुक्ति जागरूकता पर चर्चा की। इसके साथ ही, बेहतर कार्य करने वाले एमपीसीएस के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

किसानों और वनोपज संग्राहकों को मिलेगा उत्पादों का बेहतर मूल्य: डीसी

रांची, विशेष संवाददाता। सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड, रांची की आमसभा की बैठक बुधवार को रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने, किसानों एवं वनोपज संग्राहकों के हितों की रक्षा करने तथा आगामी वर्ष की योजनाओं और लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उपायुक्त ने संघ की उपलब्धियों, आगामी वर्ष की योजनाओं, बजट और लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए सहकारी संस्थाओं में डिजिटलीकरण और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषकों और वनोपज संग्राहकों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने का निर्देश दिया。

एसआईआर अभियान पर चर्चा

बैठक में विशेष गहन एसआईआर अभियान पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों से योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने की अपील की।

नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

जिले में चल रहे नशा मुक्ति जागरुकता अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने सहकारी संघ के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। साथ ही अफीम की अवैध खेती की सूचना प्रशासन को देने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाले विभिन्न एमपीसीएस (मल्टी पर्पस को-ऑपरेटिव सोसाइटी) और लैंपस के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, डीएफओ श्रीकांत वर्मा, जिला सहकारिता पदाधिकारी रविंद्र दास, जिला कृषि पदाधिकारी रामशंकर सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं एमपीसीएस प्रतिनिधि उपस्थित थे।

सामान्य प्रश्न

सामाजिक सशक्तिकरण के लिए उपायुक्त ने कौन सी बातें बताई?
उपायुक्त ने सहकारी संस्थाओं की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भूमिका, डिजिटलीकरण और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।