Ranchi News: रातू में लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त
Ranchi News: रातू में चार दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ब्लॉक रोड पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। स्कूल के बच्चे और दुकानदार सबसे अधिक परेशान हैं। स्वास्थ्य केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय भी प्रभावित हुए हैं, जबकि अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं।

Ranchi News: रातू, प्रतिनिधि। चार दिनों से हो रही लगातार बारिश से प्रखंड का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ब्लॉक रोड पूरी तरह जलमग्न हो गया है। सड़क पर पैदल चलने की जगह तक नहीं बची है। लोग जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी के बीच से गुजर रहे हैं। स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। सड़क किनारे की सैकड़ों दुकानों में पानी भरने से ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे दुकानदारों का कारोबार ठप है। ब्लॉक रोड पर स्वास्थ्य केंद्र, कई निजी अस्पताल, रातू थाना, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, विद्युत विभाग का कार्यालय, पावर सब स्टेशन, डायट, जेसीईआरटी और कई प्रमुख मंदिर हैं।
इतनी महत्वपूर्ण सड़क पर जलजमाव के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारी सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने आते हैं और प्रखंड की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते।


