Ranchi News: मलेरिया उन्मूलन के लिए जागरुकता के साथ निरंतर प्रयास जरूरी : डॉ रॉबर्ट
Ranchi News: संत जेवियर्स कॉलेज में बायो टेक्नोलॉजी विभाग और आईक्यूएसी की ओर से शुक्रवार को मलेरिया जागरुकता कार्यक्रम हुआ। इसका उद्देश्य मलेरिया संक्रमण के बदलते

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। संत जेवियर्स कॉलेज में बायो टेक्नोलॉजी विभाग और आईक्यूएसी की ओर से शुक्रवार को मलेरिया जागरुकता कार्यक्रम हुआ। इसका उद्देश्य मलेरिया संक्रमण के बदलते स्वरूप, बचाव और आधुनिक चिकित्सा उपायों के प्रति विद्यार्थियों व शिक्षकों को जागरूक करना था। कॉलेज के प्राचार्य डॉ फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर ने कहा कि मलेरिया का झारखंड समेत दुनिया के कई हिस्सों में गंभीर प्रभाव रहा है। इसके नियंत्रण के लिए जागरुकता के साथ निरंतर प्रयास जरूरी है। तकनीकी सत्र में आईसीएमआर-एनआईएमआर फील्ड यूनिट, रांची के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने मलेरिया उन्मूलन के वैश्विक प्रयासों, एनोफिलीज मच्छर, प्लाज्मोडियम परजीवी के जीवन-चक्र और संक्रमण की स्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने आर्टिमिसिनिन प्रतिरोधी उपभेदों, प्रतिरोध की निगरानी में आनुवंशिक संकेतकों तथा आरटीएस, एस और आर21/मैट्रिक्स-एम टीकों पर भी चर्चा की। विभागाध्यक्ष डॉ संयुक्ता कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक उपलब्धियों के साथ जनभागीदारी और जागरुकता भी जरूरी है। मौके पर उप प्राचार्य फादर डॉ अजय मिंज, रजिस्ट्रार फादर प्रभात सोरेंग, डॉ शिव शंकर प्रसाद समेत अन्य शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।


