महिला कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि पर रैयतों का दावा, शिलान्यास स्थगित
खूंटी में महिला कॉलेज भवन के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि पर विवाद के कारण शिलान्यास कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। ग्रामीणों ने भूमि पर अपना दावा पेश किया, जिससे तनाव उत्पन्न हुआ। विधायक रामसूर्या मुंडा ने जांच के निर्देश दिए और विवाद समाधान के बाद पुनः शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।

खूंटी, संवाददाता। खूंटी में प्रस्तावित महिला कॉलेज भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण सोमवार को निर्धारित शिलान्यास कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। राज्य सरकार द्वारा विधायक रामसूर्या मुंडा के अनुरोध पर महिला कॉलेज के निर्माण हेतु 54 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। जिला प्रशासन ने वर्ष 2023 में खूंटीटोली मौजा में लगभग 5 एकड़ भूमि चिन्हित कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं। शिलान्यास की पूरी तैयारी, पर विरोध के चलते रोक: सोमवार को महिला कॉलेज भवन का शिलान्यास प्रस्तावित स्थल पर होना था। इसके लिए शिलापट लगाकर सभी आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं।
हालांकि, शिलान्यास से पहले ही कुछ ग्रामीण अपने-अपने जमीन के कागजात लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और चिन्हित भूमि पर अपना दावा पेश किया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने पेश किया जमीन पर दावा: भूमि पर दावा करने वालों में बालमुनी देवी, सुदीप कुमार, महेश्वर राम गौंझू, गंगाधर राम, गधेश महतो, वंशी महतो, दलभंजन राम सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों का कहना था कि प्रस्तावित भूमि पर उनका पूर्व से अधिकार है और बिना स्पष्ट सीमांकन के निर्माण कार्य शुरू करना उचित नहीं होगा। विधायक ने दिए जांच के निर्देश: ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए विधायक रामसूर्या मुंडा ने शिलान्यास कार्यक्रम को तत्काल स्थगित कर दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर पूरे मामले की जांच कर भूमि का विधिवत सीमांकन कराया जाए। विधायक ने कहा कि विवाद का समाधान कर शीघ्र ही पुनः शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और महिला कॉलेज की नींव रखी जाएगी। गणमान्य लोग रहे उपस्थित: इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मो. नईमुद्दीन खां, सनिका बोदरा, चार्ल्स पाहन, अजय मुंडा, दिलीप महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




