भाजपा के पास ही रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचते हैं बांग्लादेशी : शाहदेव

भाजपा के पास ही रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचते हैं बांग्लादेशी : शाहदेव

संक्षेप:

अगर कहीं घुसपैठ हो रही है तो वह सीधे तौर पर केंद्र की जिम्मेदारी, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स बीजेपी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के हाथ में

Aug 31, 2025 07:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बांग्लादेशी घुसपैठिए को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी इस तरह की भाषा बोल रहे हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठिए सबसे पहले भारत में प्रवेश करने के बाद विभिन्न राज्यों से भाजपा के पास ही रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचते हैं। तभी तो उनको प्रतिदिन मालूम होता है कि कितने घुसपैठिए आए, घुसपैठियों का आधार कार्ड बना कि नहीं बना, घुसपैठिए का मतदाता पहचान पत्र बना या नहीं बना? प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि देश के अंदर पिछले 11 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अगर कहीं घुसपैठ हो रही है तो वह सीधे तौर पर केंद्र की जिम्मेदारी है। यह भाजपा की विफलता है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स बीजेपी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के हाथ में है। इसके अलावा जिन राज्यों की सीमा बांग्लादेश से लगती है, उन राज्यों में बीजेपी की राज्य सरकारें हैं। तो सबसे पहले तो दोषी बीजेपी है, जो घुसपैठियों को प्रवेश दे रही है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड वाले मामले में नेता प्रतिपक्ष को इतने हल्के तरीके से बातें नहीं करनी चाहिए। किसी मामले की सत्यता को जाने बगैर अनर्गल आरोप लगाने से बचना चाहिए। अभी जिला प्रशासन इस पूरे मामले की छानबीन कर रहा है। मामले में सत्यता क्या है और जो जानकारियां लोगों से प्राप्त हुई है, उसके अनुसार ऐसी कोई घटना साबित अभी तक नहीं हो पाई है। इसीलिए यह आरोप और उसकी तुलना घुसपैठिए से करना निहायत ही आपत्तिजनक बात है।