ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीअपने ही मंत्रियों से कांग्रेस विधायक नाराज, दिल्ली में उठाई आवाज

अपने ही मंत्रियों से कांग्रेस विधायक नाराज, दिल्ली में उठाई आवाज

झारखंड के कांग्रेस विधायक सरकार और अपनी ही पार्टी के मंत्रियों से नाराज हैं। ना तो कोई मंत्री उनकी बात सुनते हैं, ना ही अधिकारी उन्हें सम्मान देते हैं। कांग्रेस के तीन विधायकों डॉ इरफान अंसारी, ...

अपने ही मंत्रियों से कांग्रेस विधायक नाराज, दिल्ली में उठाई आवाज
हिन्दुस्तान टीम,रांचीThu, 30 Jul 2020 03:11 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के कांग्रेस विधायक सरकार और अपनी ही पार्टी के मंत्रियों से नाराज हैं। ना तो कोई मंत्री उनकी बात सुनते हैं, ना ही अधिकारी उन्हें सम्मान देते हैं। कांग्रेस के तीन विधायकों डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और उमाशंकर अकेला ने इसकी शिकायत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के सलाहकार अहमद पटेल से की है। सरकार की कार्यशैली के साथ-साथ पार्टी में वन मैन वन पोस्ट का भी विधायकों ने मामला उठाया है और केंद्रीय नेतृत्व को इस पर निर्णय लेने को कहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो अगले महीने पार्टी के नौ विधायक कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी इस मसले पर मुलाकात करेंगे। इसके लिए उनसे मिलने का समय मांगा गया है। पार्टी सूत्रों की माने तो सांसद धीरज साहू के नेतृत्व में तीनों विधायकों ने अहमद पटेल से मुलाकात की। अहमद पटेल के सामने विधायकों ने कहा कि सरकार में विधायकों की बात सुनी नहीं जा रही है। सरकार और पार्टी में समन्वय का अभाव है। विधायकों को बीडीओ-सीओ तक ही सीमित रखा गया है। डीसी-एसपी तक विधायकों की बात नहीं सुनते हैं और सम्मान नहीं देते हैं। जब विधायकों को सरकार में महत्व नहीं दिया जा रहा है तो कार्यकर्ताओं को कौन पूछने वाला है। कांग्रेस कोटे के मंत्री पार्टी के विधायकों का काम नहीं करवाते हैं। उनकी बातों को अनसुनी किया जा रहा है। विधायक अपने क्षेत्रों में किसी अधिकारी का भी तबादला नहीं करवा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार विधायकों ने कहा कि पार्टी में वन मैन वन पोस्ट की प्रथा है। ऐसे में इसे बहाल किया जाना चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव संगठन का नेतृत्व करने के साथ-साथ राज्य सरकार में वित्त और खाद्य आपूर्ति मंत्री भी हैं। विधायकों ने राज्य सरकार में खाली पड़े कांग्रेस कोटे के एक मंत्री पद को भी जल्द भरने की भी आलाकमान से मांग की। विधायकों ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले पर पूर्ववर्ती सरकार के पैटर्न पर चल रही है। पिछली सरकार में भी एक मंत्री पद नहीं भरा गया था। इस बार गठबंधन की सरकार में कांग्रेस कोटे में यह मंत्रीपद आया है तो पार्टी जल्द से जल्द इस पद को भरे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें