भाजपा लोकतांत्रिक बहस से डरती है : दुबे
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान को लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राहुल गांधी की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। आलोक दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का अपराधियों को संरक्षण देने में विश्वास है।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से दिए गए बयान और पेश किए गए मोशन को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया है। भाजपा सरकार लोकतांत्रिक बहस से डरती है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब भाजपा ने राहुल गांधी की आवाज दबाने की कोशिश की हो। इससे पहले भी उन्हें गलत तरीके से बर्खास्त किया गया था, लेकिन देश की न्यायपालिका ने सच्चाई के साथ खड़े होकर उनकी सदस्यता बहाल की। यह साबित करता है कि सच को कितनी भी साजिशों से दबाया जाए, अंततः जीत संविधान और न्याय की ही होती है।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां रेप, मर्डर और मानवाधिकार हनन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कार्रवाई करने के बजाय भाजपा नेता अपराधियों को संरक्षण देने में विश्वास रखते हैं। ऐसे में दूसरों की देशभक्ति पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार भाजपा को नहीं है। आलोक दुबे ने आरोप लगाया कि संसद में जब भी राहुल गांधी तथ्य और सच्चाई के साथ सरकार को आईना दिखाने की कोशिश करते हैं, उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। संवैधानिक संस्थाओं, जांच एजेंसियों और संविधान की गरिमा को तार-तार करने का काम यदि किसी ने किया है, तो वह भाजपा सरकार है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


