
भाजपा ने नए साल की शुरुआत जनता की जेब काटकर की : दुबे
नए साल के पहले दिन कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 111 रुपये की बढ़ोतरी पर झारखंड कांग्रेस के आलोक कुमार दुबे ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने इसे महंगाई नहीं, बल्कि भाजपा की वसूली नीति बताया। दुबे ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। नए साल के पहले ही दिन कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 111 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आलोक कुमार दुबे ने कहा कि यह महंगाई नहीं, भाजपा की सोची-समझी वसूली नीति है। नए साल की शुरुआत ही जनता की जेब काटकर करना यह साबित करता है कि भाजपा को न जनता की चिंता है, न व्यापारियों की, उन्हें तो बस चिंता है अपने मित्र अडाणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार डॉलर का बहाना बनाकर देश की जनता को लूटने में लगी हुई है।
जब मुनाफा बढ़ता है तो सरकार चुप रहती है और जब अंतरराष्ट्रीय बाजार का नाम लेकर कीमतें बढ़ानी हों तो बोझ सीधे जनता पर डाल दिया जाता है। आलोक दुबे ने कहा कि होटल, ढाबे, छोटे व्यापारी, रोजगार देने वाले लोग सब पर इसका सीधा असर पड़ेगा और अंत में कीमत चुकाएगी आम जनता। भाजपा अब सरकार नहीं, महंगाई फैलाने वाली मशीन बन चुकी है। उन्होंने भाजपा को गरीब-विरोधी, रोजगार-विरोधी और जन-विरोधी पार्टी करार देते हुए कहा कि मोदी सरकार का असली चेहरा महंगाई मैन का है, जो हर मौके पर जनता पर हंटर चलाने का काम करता है। कांग्रेस महासचिव ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर लगाम नहीं लगी, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता की आवाज को दबने नहीं देगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




