
ओबीसी छात्रों को गुमराह कर रही है भाजपा : केशव
भाजपा के नेता छात्रवृत्ति पर विधवा विलाप कर संवेदना लेना चाहते, 2025-26 में केंद्र से 370 करोड़ मांगे गए और मिले 13 करोड़ रुपए
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा छात्रवृत्ति के नाम पर ओबीसी के छात्रों को गुमराह कर रही है। एक ओर केंद्र की सरकार राज्य को छात्रवृत्ति का पैसा उपलब्ध नहीं करा रही है और भाजपा के नेता छात्रवृत्ति पर विधवा विलाप कर संवेदना लेना चाहते हैं। वे कांग्रेस भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हकीकत यह कि राज्य सरकार ने छात्रवृत्ति के मद में केंद्र सरकार से 2023-24 में 271 करोड़ रुपये मांगे और केंद्र सरकार ने भुगतान सिर्फ 77 करोड़ ही किया। पुनः 2024-25 में 253 करोड़ रुपए मांगे गए और मिले सिर्फ 33 करोड़, 2025-26 में 370 करोड़ मांगे गए और मिले 13 करोड़ रुपए।
भाजपा के नेताओं को इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन की सरकार इसपर काफी संजीदा है। हम छात्रों को छात्रवृत्ति का पैसा दिलवाकर रहेंगे। इसके लिए 10 जनवरी 2026 को बड़े पैमाने पर हमारा छात्र संगठन एनएसयूआई लोकभवन का घेराव करेगा और यह बताने का काम करेगा कि लोकभवन लोकहित में काम करे और छात्रों को छात्रवृत्ति दिलाने में मदद करे और केंद्र में फंसी राशि राज्य सरकार को उपलब्ध करवाए। संवाददाता सम्मेलन में महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव, प्रवक्ता कमल ठाकुर, जगदीश साहू उपस्थित थे। छात्रवृत्ति में उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं : बंधु प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि केंद्र यह इलजाम लगा रहा है कि राज्य सरकार ने उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया, जिस कारण छात्रवृत्ति का पैसा रिलीज नहीं हुआ, जबकि हकीकत यह है कि छात्रवृत्ति में उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। मतलब झूठ बोलकर सिर्फ गुमराह करना, छात्रों, युवाओं, महिलाओं को, यही देश के प्रधानमंत्री और भाजपा की फितरत रही है। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को बड़े पैमाने पर छात्र इकट्ठा होंगे और अगर विपक्ष छात्रवृत्ति चाहता है तो दलगत भावना से ऊपर उठकर लोकभवन के घेराव में सम्मिलित हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




