भ्रष्टाचार का असली अड्डा भाजपा : दुबे
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, धोखा और लूट के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में असली ठगी और घोटाले हुए हैं। दुबे ने भाजपा के आरोपों को झूठा और भ्रामक बताते हुए पलटवार किया और चुनावी बांड जैसे घोटालों का जिक्र किया।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कहा है कि यह वही भाजपा है, जिसके शासनकाल में झारखंड ने असली ठगी, असली लूट और असली भ्रष्टाचार का चरम देखा था। भाजपा के नेताओं को पहले अपनी सरकारों और अपने शीर्ष नेतृत्व से जुड़े घोटालों की लंबी सूची देख लेनी चाहिए, क्योंकि भ्रष्टाचार का असली अड्डा भाजपा है। जिनके हाथ ही काले हों, वे दूसरों पर कालिख लगाने का काम करते हैं। दुबे ने भाजपा द्वारा हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा, भ्रामक और बौखलाहट से भरा करार देते हुए करारा पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने दामन में झांकना चाहिए, क्योंकि भ्रष्टाचार, धोखा और लूट का असली विश्वकोश अगर कहीं है, तो वह भाजपा ही है। चुनावी बांड जैसे देश के इतिहास का सबसे बड़ा और असंवैधानिक घोटाला भाजपा की ही देन है, जिसमें जनता के पैसों और कॉरपोरेट चंदों के बीच खुला भ्रष्ट सौदा किया गया। रेलवे भर्ती घोटाले से लेकर एलआईसी–एसबीआई में जनता की बचत को जोखिम में डालने तक, राज्यों की सरकारें गिराने के लिए हजारों करोड़ के लेन-देन से लेकर झारखंड में उनके शासनकाल के दौरान हुए कोयला, बालू और खनन घोटालों तक भाजपा का पूरा राजनीतिक इतिहास ही घोटालों से भरा पड़ा है। आलोक दुबे ने कहा कि भाजपा धर्मांतरण के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करती है, जबकि उसी समय आदिवासी जमीन को कॉरपोरेट को सौंपने का सबसे बड़ा प्रयास भाजपा सरकारों ने ही किया। यहां तक कि 100 से अधिक एमओयू करने वाली भाजपा एक कलम बनाने तक की फैक्ट्री नहीं लगा पाई, उल्टे एचईसी आज बंदी के कगार पर है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


