कांग्रेस के पीडी शर्मा और अमिताभ रंजन का निधन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीडी शर्मा और कांग्रेस नेता अमिताभ रंजन का निधन हो गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव दोनों के निधन पर शोक जताया...

रांची । हिन्दुस्तान ब्यूरो
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीडी शर्मा और कांग्रेस नेता अमिताभ रंजन का निधन हो गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव दोनों के निधन पर शोक जताया है। पीडी शर्मा वरिष्ठ कांग्रेस नेता व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और रेड क्रॉस सोसाइटी रांची के अध्यक्ष थे। अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी योजना व क्रियान्वयन समिति के सदस्य, युवा व उभरते हुए 42 वर्षीय कांग्रेसी नेता अमिताभ रंजन के निधन पर पार्टी ने गहरी संवेदना प्रकट की है। पिछले 10 दिनों से वह कोरोना पॉजिटिव थे और मेडिका में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार की रात दो बजे उन्हें प्लाज्मा भी दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, विधायक दल नेता आलमगीर आलम, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता, अमूल्य नीरज खलखो, डॉ तौसिफ, डॉ पी नैयर समेत कांग्रेस के सभी नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है। इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पीडी शर्मा एवं युवा नेता अमिताभ रंजन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय समेत अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।
