ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीसड़क जाम करने के लिए मांगा मुआवजा

सड़क जाम करने के लिए मांगा मुआवजा

यह खूंटी जिला है भाई यहां की बात ही कुछ अलग है। अब यहां के लोगों ने एक नयी मांग रखकर प्रशासन को पशोपेश में डाल दिया है। यहां के लोगों को अब सड़क जाम करने के एवज में भी मुआवजा चाहिए। तोरपा के गुड़िया...

सड़क जाम करने के लिए मांगा मुआवजा
हिन्दुस्तान टीम,रांचीFri, 22 Sep 2017 12:34 AM
ऐप पर पढ़ें

यह खूंटी जिला है भाई यहां की बात ही कुछ अलग है। अब यहां के लोगों ने एक नयी मांग रखकर प्रशासन को पशोपेश में डाल दिया है। यहां के लोगों को अब सड़क जाम करने के एवज में भी मुआवजा चाहिए। तोरपा के गुड़िया गांव के कुछ लोगों को सड़क जाम करने के लिए मुआवजा चाहिए। गुरुवार को ममरला गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो जानवरों की मौत हो गयी थी। ग्रामीणों के अनुसार सीआरपीएफ जवानों को लेकर जा रहा वाहन जानवर को धक्का मार दिया था। बाद में मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम दिया। सूचना मिलने पर बीडीओ प्रभाकर ओझा और थाना प्रभारी अमित तिवारी दलबल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और जाम खुलवाने की कोशिश की। बीडीओ जामकर्ताओं से वार्ता कर रहे थे। मुआवजा का आश्वासन देने के बाद जिनका जानवर था वह जाम हटाने के लिए राजी हो गये थे। तभी कुछ ग्रामीण सामने आ गये और कहने लगे कि हमें भी मुआवजा चाहिए। पहले तो उनकी बातों को बीडीओ समझ नहीं पाये। दुबारा पूछने पर ग्रामीणों ने कहा कि जाम करने में हमलोगों ने भी मेहनत की है। इसका पैसा तो प्रशासन को देना ही होगा, तभी जाम हटाएंगे। इसपर बीडीओ ने उनको जमकर फटकार लगायी। बाद में काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया। ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें