Ranchi News: इंदीपीड़ी में हॉकी टूर्नामेंट का समापन, 22 टीमों ने दिखाया दमखम
Ranchi News: मुरहू के इंदीपीड़ी पंचायत में आयोजित दो दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन हुआ। 16 पुरुष और 6 महिला टीमों ने भाग लिया। विजेताओं को ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार दिए गए। एसडीपीओ ने खेल को युवाओं के लिए सकारात्मक दिशा और पुलिस-समुदाय संबंध सुधारने का माध्यम बताया।

Ranchi News: मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू थाना क्षेत्र के इंदीपीड़ी पंचायत में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित दो दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 16 और महिला वर्ग की छह टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसडीपीओ खूंटी मंगल सिंह जामुदा, डीएसपी मुख्यालय प्रभात कुमार बेक, स्थानीय मुखिया, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। प्रतियोगिता का आयोजन मुरहू थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा के नेतृत्व में किया गया। पुरुष वर्ग की विजेता टीम को ट्रॉफी, खस्सी और जर्सी सेट, जबकि उपविजेता टीम को जर्सी सेट देकर पुरस्कृत किया गया। महिला वर्ग की विजेता टीम को ट्रॉफी, जर्सी सेट और दो हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को जर्सी सेट और एक हजार रुपये दिए गए।
खेल को बढ़ावा देने के लिए 15 बच्चों को हॉकी स्टिक भी प्रदान की गई। एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संबंध बनाने का माध्यम है। थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा ने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने की अपील की। समापन के दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित थे।

