Ranchi News: सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दो दिवसीय हॉकी टूर्नामेंट आयोजित, 16 टीमें शामिल
Ranchi News: मुरहू थाना क्षेत्र की इंदिपीड़ी पंचायत में खूंटी पुलिस द्वारा दो दिवसीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें 16 गांवों की टीमें भाग लेंगी। इसका उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच संबंध सुधारना और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Ranchi News: मुरहू, प्रतिनिधि। खूंटी-बंदगांव सीमा पर स्थित मुरहू थाना क्षेत्र की इंदिपीड़ी पंचायत में खूंटी पुलिस की ओर से सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दो दिवसीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। मुरहू थाना के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में पंचायत के 16 गांवों की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संबंध और आपसी विश्वास कायम करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों और कानून से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम कर विश्वास का माहौल तैयार करना है।
खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। पुलिस की ओर से ग्रामीणों को अफीम की खेती और नशे के दुष्परिणामों, मानव तस्करी की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, साइबर ठगी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधि, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों या साइबर ठगी से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। प्रतियोगिता का समापन आज होगा, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। मौके पर मुखिया सुखराम सारुकद, विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


