
मुरहू में एक ही छत के नीचे मरीजों को मिली कई स्वास्थ्य सेवाएं
मुरहू में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें 518 मरीजों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न सेवाएं जैसे कि सामान्य चिकित्सा, दंत चिकित्सा, और निःशुल्क दवाएं प्रदान की। कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुरहू, प्रतिनिधि। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू परिसर में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी रणजीत कुमार सिन्हा, अंचलाधिकारी शंकर कुमार विद्यार्थी, उप प्रमुख अरुण साबू, मुखिया ज्योति ढोडराय एवं जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के पश्चात सभी अतिथियों ने मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। विभिन्न विभागीय स्टॉल, ग्रामीणों ने लिया लाभ: स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई प्रकार के स्टॉल लगाए गए थे, जहां सामान्य चिकित्सा, दंत चिकित्सा, मलेरिया जांच, टीबी जांच, आयुष्मान हेल्थ कार्ड, डिजिटल हेल्थ कार्ड सहित अन्य सेवाएं प्रदान की गईं।
मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवा वितरण का लाभ उठाया। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुझाव दिए गए। 518 मरीजों की जांच, कार्ड और जांच सुविधाएं उपलब्ध: मेले के दौरान कुल 518 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 32 आयुष्मान हेल्थ कार्ड एवं 38 डिजिटल हेल्थ कार्ड बनाए गए। वहीं 38 लोगों की दंत चिकित्सा जांच की गई तथा 16 लोगों की मलेरिया जांच भी की गई। इसके अतिरिक्त सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का भी वितरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने की स्वास्थ्य मेले की सराहना: शिविर को संबोधित करते हुए बीडीओ रणजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य मेला के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है, जो आम जनता के लिए एक बेहतर अवसर है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। अंचलाधिकारी शंकर कुमार विद्यार्थी ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य मेले क्षेत्र के लोगों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का एक सशक्त माध्यम हैं। उप प्रमुख अरुण साबू ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की इस पहल को सराहनीय बताया। मुखिया ज्योति ढोडराय ने भी ग्रामीणों से आगे आकर स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लेने की अपील की। कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित: कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश प्रसाद, रोशन लाल महतो, बबलू खान, महेश गुप्ता, शशि बुबुन, बन्टी गुप्ता, अरुण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




