
संताल और कोल्हान को छोड़ राज्य में आज से शीतलहर
झारखंड में गुरुवार से शीतलहर चलने की संभावना है, विशेषकर संताल और कोल्हान प्रमंडल को छोड़कर। गुमला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, और अन्य जिलों में शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रांची में कुहासा की वजह से विमान सेवाएं प्रभावित हुईं।
रांची, वरीय संवाददाता। संताल और कोल्हान प्रमंडल को छोड़कर राज्य में गुरुवार से शीतलहर चलने के आसार व्यक्त किए गए हैं। अगले तीन दिनों में इन जिलों में तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है। राज्य में गुमला का न्यूनतम तापमान 3.9 पर आ चुका है। यहां शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कुहासा छंटने के बाद अब उत्तर की सर्द हवा का पूरा रुख झारखंड की ओर है, जिससे पारा गिरने का अनुमान व्यक्त किया गया है। राज्य में मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा आदि जिलों में अगले दो दिन शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पलामू, उत्तरी छोटानागपुर और दक्षिणी छोटानागपुर के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को कुहासा छाए रहे। सुबह के दौरान रांची में 500 मीटर, देवघर में 400 मीटर, जमशेदपुर में 500 मीटर की दृश्यता रही। इसके कारण रांची से विमान सेवाएं भी बाधित हुईं। सात विमान रद्द रहे। वहीं, तीन विमान विलंब से आए। 8.25 बजे आनेवाला पुणे-रांची दो घंटा देर से 10.25 बजे आया। वहीं, रांची-बेंगलुरु भी दो घंटा देर रहा। हैदराबाद-रांची विमान दो घंटा लेट से आया। तेज धूप निकलने से 11 बजे कुहासा छंट गए, जिससे विमानों उड़ान सामान्य रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




