शिक्षा और संस्कार समाज को सशक्त बनाते हैं : विधायक
लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल, लोयोला हाई स्कूल और लोयोला इंटर कॉलेज में सोमवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन हुआ। विधायक रामसूर्या मुंडा और फादर विकला बाखला ने क्रिसमस के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।

खूंटी, संवाददाता। लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल, लोयोला हाई स्कूल एवं लोयोला इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा तथा विशिष्ट अतिथि फादर विकला बाखला उपस्थित थे। अपने संबोधन में विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा और संस्कार साथ चलते हैं, तभी समाज मजबूत और सशक्त बनता है।
वहीं फादर विकला बाखला ने क्रिसमस को त्याग, सेवा और मानवता का त्योहार बताते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक सद्भाव, सहयोग और आपसी प्रेम को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम के दौरान तीनों संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से क्रिसमस की खुशियां साझा कीं। आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे माहौल को उल्लास से भर दिया। पारंपरिक स्वागत से हुई कार्यक्रम की शुरुआत: कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। अंत में सामूहिक प्रार्थना और शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर लोयोला फादर अमृत लकड़ा, फादर सुमन प्रभात, फादर बिमल मिंज, फादर स्वर्ण तिग्गा, ब्रदर कंचन मिंज, सिस्टर सुजिता, सिस्टर अभा सहित संस्थान के सभी शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




