निर्मला कॉलेज में ‘रेनडियर’ के नाम पर सजे स्टॉलों ने खींचा ध्यान
रांची में निर्मला कॉलेज के पूर्ववर्ती छात्र संघ और क्रिसमस कमेटी द्वारा आयोजित 'ए दिसंबर टू रिमेंबर' क्रिसमस कार्निवल का समापन हुआ। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हाउजी और लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। फास्ट फूड और मनोरंजक खेलों के स्टॉल ने छात्रों का ध्यान आकर्षित किया। प्राचार्या ने विजेताओं को गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए।

रांची, विशेष संवाददाता। निर्मला कॉलेज के पूर्ववर्ती छात्र संघ (एरेन) और क्रिसमस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय क्रिसमस कार्निवल 'ए दिसंबर टू रिमेंबर' का शुक्रवार को समापन हुआ। उद्देश्य क्रिसमस की खुशियां फैलाना तथा आपसी सद्भाव और उल्लास का वातावरण निर्मित करना था। कार्निवल के दूसरे दिन पूरा कॉलेज परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं और अतिथियों ने हाउजी खेल का आनंद लिया और लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. सिस्टर ज्योति और उपप्राचार्या डॉ. सिस्टर शोभा ने लकी ड्रॉ के विजेताओं को आकर्षक गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए।
कार्निवल का मुख्य आकर्षण फास्ट फूड, स्नैक्स और मनोरंजक खेलों के स्टॉल रहे। इनमें रिंग टॉस, स्पिन द व्हील, फीड द क्लाउन, हिट द ग्लास पिरामिड और स्टिक द बिंदी जैसे खेलों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। विशेष बात यह रही कि स्टॉलों के नाम सांता क्लॉज की स्लेज खींचने वाले रेनडियर- क्यूपिड, ब्लेजर, विक्सन, डांसर, प्रांसर, डोनर और कॉमेट के नाम पर रखे गए थे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जेनेट एंड्रयू और डॉ. शोभा तिर्की ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




