
जिले में 50 चयनित सरकारी स्कूलों में मनाया जा रहा बाल सुरक्षा सप्ताह
खूंटी में 14 से 20 नवंबर तक बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 50 सरकारी स्कूलों में किशोरों को मौखिक, शारीरिक, यौन और भावनात्मक हिंसा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। छात्रों ने चित्रकला, नारा लेखन और भाषण जैसी गतिविधियों के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार के महत्व को प्रस्तुत किया।
खूंटी, संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिक्षा विभाग के जेसीईआरटी और सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज के तकनीकी सहयोग से राज्यभर में 14 से 20 नवंबर तक बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत खूंटी के 50 चयनित सरकारी विद्यालयों मे विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोर–किशोरियों को मौखिक, शारीरिक, यौन एवं भावनात्मक हिंसा, स्कूल में होने वाली प्रताड़ना, ऑनलाइन उत्पीड़न तथा अन्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से स्वयं को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक और सशक्त बनाना है। इसी क्रम में 17 से 19 नवंबर के बीच खूंटी जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्रों द्वारा बाल सुरक्षा और प्रताड़ना मुक्त विद्यालय वातावरण विषय पर चित्रकला, नारा लेखन, रेखाचित्र, पोस्टर प्रदर्शन, भाषण प्रस्तुति और नाट्य भूमिकाओं जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षित व्यवहार और आत्मरक्षा के महत्व को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान, उनसे बचाव के उपाय, सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और विश्वसनीय वयस्कों से त्वरित संवाद की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरुकता ही बच्चों को जोखिमपूर्ण स्थितियों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




