मस्जिद के इमाम को हिरासत में लेने पर ग्रामीणों ने थाने के सामने किया प्रदर्शन

Jan 31, 2026 09:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

छत्तीसगढ़ पुलिस ने बिना वारंट के मस्जिद के इमाम कारी सुल्तान को हिरासत में लिया, जिससे ग्रामीणों में विरोध भड़क गया। ग्रामीण 11 बजे से 1 बजे तक चान्हो थाना के बाहर प्रदर्शन करते रहे। इमाम पर ठगी का आरोप है, जबकि ग्रामीण स्वयं को पीड़ित बता रहे हैं। पूर्व मंत्री ने पुलिस से कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की अपील की।

मस्जिद के इमाम को हिरासत में लेने पर ग्रामीणों ने थाने के सामने किया प्रदर्शन

चान्हो, प्रतिनिधि। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा कथित रूप से बिना वारंट बलसोकरा मस्जिद के इमाम कारी सुल्तान को हिरासत में लिए जाने के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण चान्हो थाना पहुंचे और 11 बजे से एक बजे तक विरोध-प्रदर्शन करते रहे, जिससे थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, शनिवार को दिन के 11 बजे छत्तीसगढ़ के बलरामपुर थाना की पुलिस चान्हो पुलिस के साथ बलसोकरा गांव पहुंची। पुलिस ने ठगी के एक मामले में आरोपी बताते हुए मस्जिद के इमाम कारी सुल्तान को हिरासत में लिया और चान्हो थाना ले आई।

इमाम की हिरासत की खबर मिलते ही ग्रामीण थाना पहुंच गए और कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि जिस ठगी मामले में कारी सुल्तान को आरोपी बताया जा रहा है, उसी मामले में वे स्वयं पीड़ित हैं। बताया गया कि कारी सुल्तान ने 22 जनवरी 2025 को ठगी करनेवालों के खिलाफ चान्हो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस का पक्ष है कि बलरामपुर जिले के कुसमी निवासी रसीद आलम ने कारी सुल्तान पर उमरा यात्रा के नाम पर 85 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बंधु तिर्की चान्हो थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर कहा कि किसी भी व्यक्ति को हिरासत में लेने से पूर्व कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। बाद में लगभग साढ़े तीन बजे चान्हो और छत्तीसगढ़ पुलिस कारी सुल्तान को ट्रांजिट रिमांड के लिए रांची न्यायालय ले गई, इसके बाद ग्रामीण शांत होकर लौट गए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।