Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsChhath Festival Preparations Begin Amid Concerns Over Cleanliness and Safety at Murhu Ghats

मुरहू नदी घाट में गंदगी-कटाव से व्रतियों को होगी परेशानी

मुरहू में छठ पर्व की तैयारी जोरों पर है, लेकिन घाट की सफाई और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मुरहू नदी का मुख्य घाट जर्जर स्थिति में है, जहां गंदगी और प्रदूषण के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीSun, 12 Oct 2025 08:19 PM
share Share
Follow Us on
मुरहू नदी घाट में गंदगी-कटाव से व्रतियों को होगी परेशानी

मुरहू, प्रतिनिधि। लोक आस्था का महापर्व छठ इस वर्ष 25 अक्तूबर से नहाय-खाय के साथ आरंभ होगा। पर्व की तैयारियां पूरे जिले में जोरों पर हैं। मुरहू क्षेत्र में भी श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनना शुरू हो गया है। पहले जहां मुरहू प्रखंड के लोग एक ही छठ घाट पर एकत्र होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते थे, वहीं अब कई तालाबों और नदियों पर उत्साहपूर्वक यह पर्व मनाया जाता है। मुरहू नदी का मुख्य छठ घाट इस बार जर्जर स्थिति में है। लगातार हुई भारी बारिश से घाट की मिट्टी बह गई है, जिससे जगह-जगह कटाव बन गया है।

तेज बहाव के कारण गाद, प्लास्टिक कचरा और पूजन सामग्री का ढेर लग गया है। इससे घाट की स्वच्छता पूरी तरह प्रभावित हुई है। कई जगहों पर प्रतिमा विसर्जन के अवशेष भी अब तक नहीं हटाए गए हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है। छठ घाट के चारों ओर घनी झाड़ियां उग आई हैं, जो विषैले जीव-जंतुओं का आश्रय बन चुकी हैं। इससे छठव्रतियों के लिए खतरा बना हुआ है। वहीं पानी की स्वच्छता भी चिंता का विषय है। मुरहू के महादेव मंडा से लेकर मुरहू चौक तक का दूषित पानी घाट के समीप जमा हो जाता है, जिससे स्नान और अर्घ्य देने के दौरान संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। अब तक मुरहू के किसी भी छठ घाट में सफाई कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं में रोष है। पहले प्रशासन के निर्देश पर पंचायत स्तर से घाट की सफाई और मरम्मत की जाती थी, परंतु पिछले दो वर्षों से पंचायत को कोई मद प्राप्त नहीं हुआ है। नतीजतन पंचायत प्रतिनिधि असमंजस में हैं। किसी भी सामाजिक संगठन या क्लब ने भी इस दिशा में रुचि नहीं दिखाई है। बाउंड्री टूटी, रोशनी की व्यवस्था भी अधूरी: मुरहू छठ घाट में पहले लगाई गई लोहे की बाउंड्री टूट चुकी है। अब लोग बेखौफ घाट में गंदगी फैलाते हैं। वहीं घाट तक जाने वाले मार्गों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने से व्रतियों को रात्रि में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों और छठव्रतियों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्व शुरू होने से पहले घाट की सफाई, मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्भय और स्वच्छ वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।