Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsChhath Festival Begins with Nahay Khay Devotion and Preparations in Ratu
नहाय खाय के साथ आज से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

नहाय खाय के साथ आज से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

संक्षेप: छठ पर्व इस बार शनिवार से नहाय खाय के साथ शुरू होगा। यह चार दिवसीय पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। महिलाएं ठेकुआ प्रसाद तैयार करने में जुटी हैं। कई संस्थाएं श्रद्धालुओं की सेवा में लगी हैं।...

Fri, 24 Oct 2025 07:50 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रातू, प्रतिनिधि। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ इस बार शनिवार से नहाय खाय के साथ शुरू होगा। सूर्यदेव और छठी मईया की आराधना का यह चार दिवसीय पावन पर्व पूरे उल्लास और भक्ति भाव से मनाया जाता है। शनिवार को नहाय खाय, रविवार को खरना, सोमवार को सांध्य अर्घ्य और मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह पर्व संपन्न होगा। इस अवसर पर पूरे रातू प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। छठ पर्व को लेकर व्रतधारी महिलाएं और परिवार पूरी लगन से तैयारी में जुटे हैं। वहीं, छठ पूजा समितियों द्वारा घाटों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सुरक्षा व्यवस्था का काम जोरों पर है।

कई स्थानों पर घाटों की रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाजारों में फल, सूप-दउरा, नारियल और पूजा सामग्री की दुकानों में भीड़ बढ़ने लगी है। चारों ओर छठ गीतों की मधुर धुनें गूंज रही हैं, जिससे माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया है। ठेकुआ प्रसाद की तैयारी में जुटीं महिलाएं: छठ व्रत को लेकर महिलाएं गेहूं धोने और सुखाने के कार्य में व्यस्त हैं। इस प्रक्रिया को व्रत की शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। गेहूं सूखने के बाद उससे आटा तैयार किया जाता है। कई घरों में महिलाएं पारंपरिक तरीके से जांता पर आटा पीसती हैं, जिससे प्रसाद में पवित्रता बनी रहे। इसी आटे से ठेकुआ प्रसाद बनाया जाता है। ठेकुआ बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का प्रयोग किया जाता है। ठेकुआ को सूर्य के प्रतीक के रूप में सांचे में ढाला जाता है और इसे छठी मईया को फल व प्रसाद के साथ अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि ठेकुआ प्रसाद ग्रहण करने से भगवान सूर्य और छठी मईया की कृपा प्राप्त होती है। श्रद्धालु पूरे वर्ष इस प्रसाद का बेसब्री से इंतजार करते हैं। संस्थाओं और समाजसेवियों ने बढ़ाया सहयोग का हाथ: छठ पर्व के अवसर पर रातू प्रखंड में कई संस्थाएं और समाजसेवी संगठन श्रद्धालुओं की सेवा में जुट गए हैं। देवी मंडप दुर्गा पूजा समिति, रातू द्वारा तुलसी भंडार के पास रविवार को फल और सूप का वितरण किया जाएगा। इसी तरह साईं स्वयंसेवी संस्था द्वारा रातू चटटी में फल और सूप का वितरण किया जाएगा। वहीं, काली मंदिर परिसर के पास समाजसेवी एवं जेएमएम नेता धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में फल, सूप और लकड़ी का वितरण किया जाएगा। समाजसेवी ओम शंकर गुप्ता द्वारा श्रद्धालुओं के बीच पीतल का सूप और फल वितरण, जबकि कृष्णा उरांव द्वारा अर्घ्य हेतु दूध और फल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रौनियार संघ, रातू ने भी व्रतधारियों के बीच फल और दूध वितरण का कार्यक्रम शुरू किया है। भक्ति और उत्साह का वातावरण: छठ महापर्व को लेकर रातू के हर गली-मोहल्ले में उत्सव जैसा माहौल है। लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ सूर्य उपासना की तैयारियों में जुटे हैं। महिलाओं की टोली पारंपरिक छठ गीत गा रही हैं, जबकि बच्चे पूजा सामग्री लाने में मदद कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में छठ मईया के जयघोष से वातावरण आस्था और पवित्रता से परिपूर्ण हो गया है।