Ranchi News: छाता ब्रदर्स खूंटी ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट
Ranchi News: प्रखंड के कुर्गी बाजार स्थित खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में छाता ब्रदर्स खूंटी ने बीबीएस तेतर टोली को शूटआउट में 5-3

Ranchi News: इटकी, प्रतिनिधि। प्रखंड के कुर्गी बाजार स्थित खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में छाता ब्रदर्स खूंटी ने बीबीएस तेतर टोली को शूटआउट में 5-3 से हराकर खिताब जीत लिया। विजेता टीम को 41 हजार रुपये नकद और एक खस्सी पुरस्कार दिया गया। फाइनल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और निर्धारित समय तक एक-दूसरे को गोल करने से रोके रखा। इसके बाद शूटआउट में खूंटी की टीम ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें निखारने की जरूरत है।
ग्रामीण इलाकों में ऐसे आयोजनों से युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल भावना व आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि झारखंड की माटी में फुटबॉल के प्रति गहरा लगाव है और ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद करती हैं। मौके पर जिप सदस्य रीणा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत और मुखिया रमेश महली ने भी विचार रखे। जीवन ज्योति क्लब कुर्गी के आयोजन में दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया। उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद और खस्सी देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। फाइनल मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।''


