ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीशहर की यातायात में हो रहा है बदलाव, सभी सहयोग करें: रघुवर दास

शहर की यातायात में हो रहा है बदलाव, सभी सहयोग करें: रघुवर दास

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि रांची को भी देश के अन्य विकसित राज्यों की राजधानी की तरह स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है। यह अकेले नौकरशाही के बूते संभव नहीं है। शहर को साफ सुथरा रखना हो या...

शहर की यातायात में हो रहा है बदलाव, सभी सहयोग करें: रघुवर दास
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSun, 26 Nov 2017 05:38 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि रांची को भी देश के अन्य विकसित राज्यों की राजधानी की तरह स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है। यह अकेले नौकरशाही के बूते संभव नहीं है। शहर को साफ सुथरा रखना हो या सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, इनमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। जब आरा-केरम गांव के लोग अपने गांव को साफ सुथरा रख सकते हैं, तो क्या शहर में हम वार्ड को साफ-सुथरा नहीं रख सकते हैं। दास रविवार को रांची नगर निगम में रांची शहर के जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चाहते हैं कि रांची भी विकसित हो। इसके लिए हमें कष्ट भी सहना पड़ सकता है। शहर में यातायात सुगम करने के लिए कुछ बदलाव किये जा रहे हैं, इसमें सभी सहयोग करें। हो सकता है थोड़े दिन परेशानी हो, लेकिन छह माह के बाद लोगों को इसके नतीजे दिखेंगे। थोड़ा घूमकर जाना हो तो जायें, लेकिन शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग करें। जिस प्रकार से वाहन बढ़ रहे हैं, अभी नहीं सहयोग किया, तो रांची की स्थिति नारकीय हो जायेगी। शहर के सभी रिक्शा, इ-रिक्शा, ऑटो, बस आदि का आंकड़ा नगर निगम के पास होना चाहिए। तभी वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

टीम बनाकर प्लान तैयार करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने रांची के उपायुक्त, एसएसपी, नगर आयुक्त, ट्रैफिक एसपी को टीम बनाकर शहर घुमने और जाम से निजात पाने के लिए प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। सभी वार्ड पार्षदों को भी अपने-अपने क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव देने को कहा। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद हर माह अपने वार्ड में बैठक करें। सोमवार को सभी वार्ड में एक साथ बैठक होगी। मुख्यमंत्री भी किसी वार्ड में जायेंगे। इसमें लोगों की समस्या और सुझाव सुनी जायेगी। इस बैठक में स्वच्छता, बीपीएल कार्डधारी मुक्त वार्ड बनाने, यातायात अनुशासन के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम करें। रांची में नाइट मार्केट शुरू करने का भी काम किया जा रहा है। शहर की सड़कों पर किसी प्रकार के वाहन खड़े नहीं होने चाहिए। कई दुकानदार अपने वाहन दिनभर दुकान के पास लगाकर रखते हैं, ऐसे वाहनों का चलान काटा जायेगा। बस व ऑटो पड़ाव के लिए जगह चिह्नित करने का निर्देश उन्होंने दिया।

हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य

दास ने कहा कि जान काफी कीमती है। हेलमेट व सीट बेल्ट को अनिवार्य किया जा रहा है। दुर्घटना होने पर इनके उपयोग से जान बच सकेगी और ऐसे मामलों में दुर्घटना मृत्यु दर में कमी आयेगी। किसी का परिवार बच जायेगा। इसे कड़ाई से लागू करने के लिए रांची में उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मोरहाबादी को वाकिंग स्ट्रीट के रूप में तैयार किया जायेगा। यहां किसी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। वार्ड पार्षद अपने अपने वार्ड में बेघर व शौचालय विहीन लोगों की सूची भी बनायें। सरकार इन्हें घर व शौचालय बनाकर देगी। इसके साथ ही पार्क के लिए जगह भी चिह्नित करें। पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की बेहतरी के लिए एक सप्ताह में सुझाव देने को कहा। बैठक में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद महेश पोद्दार, मेयर आशा लकड़ा, कांके विधायक ड़ॉ जीतुचरण राम, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, सभी पार्षद, नगर विकास सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, रांची के उपायुक्त मनोज कुमार, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें