गाड़ीहोटवार ने जीता चैंपियंस ट्रॉफी का उद्घाटन मैच
अनगड़ा में 20वीं चैंपियंस ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। उद्घाटन कांके प्रखंड प्रमुख सोमनाथ मुंडा ने किया। पहले मैच में जीएफसी गाड़ीहोटवार ने फोरएस बड़ाम को 2-0 से हराया, जिसमें मुकेश महली 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने। दूसरे मैच में चितरकोटा एफसी ने आतिश स्पोर्टिंग तुरूप को पेनाल्टी शूटआउट में हराया।

अनगड़ा, प्रतिनिधि। अनगड़ा स्टेडियम लुपुंग में रविवार को 20वीं चैंपियंस ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत जोश और उत्साह के साथ हुई। राजेन्द्र यूनाइटेड गेतलसूद द्वारा आयोजित इस वार्षिक प्रतियोगिता का उद्घाटन कांके प्रखंड प्रमुख एवं कांग्रेस पार्टी के रांची जिलाध्यक्ष सोमनाथ मुंडा ने किया। खिलाड़ियों और दर्शकों की भारी उपस्थिति में ध्वज फहराने तथा बॉल किक कर खेल का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन मैच में जीएफसी गाड़ीहोटवार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फोरएस बड़ाम को 2-0 से पराजित किया। मैच के 35वें मिनट में मुकेश महली ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि 58वें मिनट में आरएस ने दूसरा गोल कर जीत पक्की कर दी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मुकेश महली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। खिलाड़ियों के शानदार कौशल और तालमेल ने स्टेडियम में मौजूद फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया। दूसरे मुकाबले में चितरकोटा एफसी और आतिश स्पोर्टिंग तुरूप के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय में मैच बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट के जरिए परिणाम तय हुआ, जिसमें चितरकोटा एफसी ने 3-2 से जीत दर्ज की। इस मैच में दोनों टीमों से तीन-तीन विदेशी खिलाड़ी उतरे थे, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहे। निर्णायक क्षणों में दो शानदार बचाव करने वाले चितरकोटा के गोलकीपर रेमंड लकड़ा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। उद्घाटन के दौरान सोमनाथ मुंडा ने कहा कि फुटबॉल को बढ़ावा देने और ग्रामीण युवा प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। कार्यक्रम में रांची जिला के विभिन्न फुटबॉल आयोजन समितियों के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इनकी रही उपस्थिति: कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, मुखिया शांति मुंडा, पंसस कुंती देवी, भाजपा व कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य समेत बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे। खेल मैदान में उत्साह और जोश का माहौल दिनभर बना रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




