जनगणना-2027 में नागरिकों से सहयोग की अपील
रांची में जनगणना-2027 के तहत हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन की समीक्षा बैठक हुई। प्रगणकों ने बताया कि कई क्षेत्रों में सहयोग की कमी और भ्रम के कारण सर्वे प्रभावित हो रहा है। अपर नगर आयुक्त ने सभी चार्ज ऑफिसरों को फील्ड विजिट करने और सर्वे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रांची, वरीय संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत शहर में चल रहे हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) व मकानों की गणना कार्य की प्रगति और फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को लेकर बुधवार को अपर नगर आयुक्त सह नगर जनगणना पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सर्वे कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बताया कि 16 मई से शहर में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन शुरू किया गया है। इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, परिवारों और अन्य आवश्यक जानकारियों का संग्रह कर रहे हैं। नजरी नक्शा तैयार करने का कार्य भी किया जा रहा है।
यह अभियान 14 जून तक जारी रहेगा। बैठक के दौरान प्रगणकों ने बताया कि कई क्षेत्रों में लोगों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। कुछ घरों में दरवाजे नहीं खोले जा रहे हैं, जबकि कई नागरिकों में सर्वे को लेकर भ्रम और संशय की स्थिति बनी हुई है। इससे डोर-टू-डोर सर्वे कार्य प्रभावित हो रहा है। अपर नगर आयुक्त ने सभी चार्ज ऑफिसरों को नियमित फील्ड विजिट करने और कार्य की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों और तय समयसीमा के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होना चाहिए। साथ ही सुपरवाइजर और प्रगणकों को सर्वे के दौरान अनिवार्य रूप से पहचान पत्र धारण करने और शत-प्रतिशत घरों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। इसलिए सभी लोग जनगणनकर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य पारदर्शी और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, चार्ज ऑफिसर, सुपरवाइजर, प्रगणक व अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


