हाउस लिस्टिंग कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : नगर आयुक्त
रांची में जनगणना-2027 के तहत 16 मई से हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन शुरू किया गया है। यह कार्य 14 जून तक चलेगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारियाँ एकत्र करेंगे। नगर आयुक्त ने कार्य की निगरानी और प्रगणकों के लिए सहयोग की आवश्यकताओं पर बैठक की।

रांची, वरीय संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत 16 मई से हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन और मकानों की गणना/सूचीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस चरण के तहत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से संबंधित आवश्यक जानकारियों का संग्रहण किया जा रहा है। यह कार्य 14 जून तक चलेगा। जनगणना के सुचारू संचालन और प्रगणकों को घर-घर पहुंचने में सहूलियत व आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान नगर आयुक्त ने कई जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के सफल संचालन के लिए सभी ग्राउंड लेवल कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
निगम के सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कार्य कर रहे प्रगणकों की सहायता के लिए संबंधित वार्ड के स्वच्छता समन्वयकों व एजेंसी कर्मियों को टैग किया जाए। प्रगणकों को किसी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी चार्ज ऑफिसर नियमित रूप से ग्राउंड लेवल मॉनिटरिंग करें। रांची नगर निगम के सभी स्तर के पदाधिकारी और कर्मी इस कार्य की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें और प्रत्येक घर का कवरेज सुनिश्चित करें। बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, सहायक नगर आयुक्त सह चार्ज ऑफिसर, नगर प्रबंधक, सभी स्वच्छता अधीक्षक, स्वच्छता समन्वयक, परिसंपत्ति अधीक्षक, मेसर्स स्वच्छता कारपोरेशन, मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स, मेसर्स नेटविंड के कर्मी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


