मांदर की थाप और करम गीतों पर झूमी रांची
रांची में करम उत्सव धूमधाम से मनाया गया। आदिवासी समाज ने प्रकृति और भाई-बहनों के प्रेम के प्रतीक इस पर्व को मांदर, नगाड़ों और करम गीतों के साथ मनाया। अखड़ा में पारंपरिक पूजा, नृत्य और जावा फूल की...

रांची, वरीय संवाददाता। मांदर की थाप और नगाड़ों की गूंज के साथ करम गीतों से पूरी रांची करम उत्सव में सराबोर हो गई। बुधवार को रांची समेत आसपास के इलाकों में आदिवासी समाज ने प्रकृति और भाई-बहनों के प्रेम के प्रतीक करम पर्व को धूमधाम से मनाया। आयोजन को लेकर सभी अखड़ों में बिजली की रंगीन रोशनी से आकर्षक सजावट की गई थी। अखड़ा का पूजास्थल आकर्षक फूलों और आसपास का इलाका रंग-बिरंगी लाइटों से हर किसी को आकर्षित कर रहा था। पर्व की भव्यता के बीच हर कोई नाच-गाकर प्रकृति प्रेम की खूबसूरती दर्शाता रहा। शाम में करम पर्व की पारंपरिक पूजा शुरू हुई।
भाइयों ने नाचते-गाते हुए करम डाल को अखड़ा तक ले गए। इसके बाद बहनों ने भाइयों का नाचते-गाते हुए स्वागत किया और पाहन की अगुवाई में करम देव को अखड़ा में स्थापित किया। बहनों ने जावा फूल को अखड़ा के चारों ओर रखा इसके बाद बहनों द्वारा जगाई गई जावा फूल को भी अखड़ा में चारों ओर रखा गया। पाहन ने पारंपरिक पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान करम से जुड़ी कथाओं को बताया गया। पूजा उपरांत जावा फूल और करम के प्रसाद का वितरण किया गया। इसके साथ ही पूरी रात अखड़ा में मांदर-ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ पारंपरिक नृत्य किया गया। नृत्य अखड़ा की परिक्रमा करते हुए किया गया। यह सिलसिला पूरी रात चलता रहा। पूजा में काफी संख्या में मौजा व आसपास के लोग शामिल हुए और एक दूसरे को जावा फूल देकर करम की बधाई दी। मोरहाबादी के वीर बुधु भगत छात्रावास में भी आयोजन मोरहाबादी स्थित वीर बुधु भगत आदिवासी कॉलेज छात्रावास में पाहन लक्ष्मण उरांव, सुभाष उरांव व सतीश मुंडा की अगुवाई में करम की पारंपरिक पूजा हुई। कथा वाचक के रूप में सोमा मुंडा ने करम के महत्व पर प्रकाश डाले। मुख्य अतिथि के रूप में कृषि-पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुई। जिन्होंने लोगों को करम की बधाई दी और करम पर्व को झारखंड की धरोहर के रूप में बताई। मौके पर छात्रावास अध्यक्ष संदीप मुंडा, उपाध्यक्ष सूरज मुंडा, उपकोषाध्यक्ष जितू कुजूर, सचिव अनिल उरांव, उप सचिव प्रदीप उरांव सहित अन्य मौजूद थे। छोटानागपुर ब्लू क्लब करमटोली चौक करमटोली चौक स्थित छोटानागपुर ब्लू क्लब के द्वारा करम पूजा हुई। कथा वाचक के रूप में सुनील टोप्पो व अजय खलखो ने अपना योगदान दिया। वहीं, भोला पाहन ने पारंपरिक पूजा की, जिसमें सहयोगी पाहन के रूप सुनिल खलखो, गौतम उरांव ने अपनी भूमिका निभाई। मौके पर क्लब के अध्यक्ष चंदन खलखो, उपाध्यक्ष प्रकाश किंडो, अनूप लकड़ा, जेवियर कच्छप, राजेश खलखो सहित कई मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


