सर्टिफिकेट में सुधार महंगा, अब देने होंगे पांच हजार रुपये
रांची में सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के सर्टिफिकेट में संशोधन शुल्क बढ़ा दिया है। अब छात्रों को नाम, माता-पिता का नाम या जन्मतिथि में सुधार के लिए पांच हजार रुपये देने होंगे। देरी पर प्रतिवर्ष एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगेगा। यह कदम स्कूलों और अभिभावकों को सही डेटा प्रविष्टि के लिए सतर्क करने के लिए उठाया गया है।

रांची, वरीय संवाददाता। सीबीएसई के 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए अब सर्टिफिकेट में किसी भी प्रकार का संशोधन कराना काफी महंगा पड़ेगा। बोर्ड ने लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (एलओसी) जमा करने में स्कूलों और अभिभावकों द्वारा बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए संशोधन शुल्क में भारी बढ़ोतरी की है। वर्ष 2026 से उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि में सुधार के लिए अब एक हजार के बजाय पांच हजार रुपये शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त, देरी होने पर प्रतिवर्ष एक हजार रुपये का जुर्माना भी देय होगा। बोर्ड का तर्क है कि बार-बार चेतावनी और सुधार के लिए विंडो ओपन करने के बावजूद सुधार के आवेदनों में कमी नहीं आ रही है।
हालांकि, 2025 तक पास होने वाले छात्रों पर पुराने नियम ही लागू रहेंगे। सीबीएसई की सिटी को-ऑर्डिनेटर सह डीपीएस रांची की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने बताया कि एलओसी में होने वाली गलतियों को कम करने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है, ताकि स्कूल और अभिभावक डेटा प्रविष्टि के समय अधिक सतर्कता बरतें। हालांकि, इस संबंध में अभी निर्देश स्कूलों को नहीं मिला है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


