
कैट परीक्षा के कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी
रांची में कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के दौरान वनडे मैच के कारण जाम लग गया, जिससे कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई। तुपुदाना परीक्षा केंद्र में कुछ अभ्यर्थी विलंब से पहुंचे और उन्हें प्रवेश नहीं मिला। इस साल का पेपर पिछले साल की तुलना में कठिन था, और परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित की गई।
रांची, वरीय संवाददाता। कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) देशभर के विभिन्न केंद्रों सहित रांची के दो केंद्रों में रविवार को हुई। रांची में वनडे मैच के कारण लगी जाम की वजह से तुपुदाना स्थित सेंटर में परीक्षा देनेवाले कुछ अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। तुपुदाना स्थित परीक्षा केंद्र में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ बंगाल से भी परीक्षार्थी पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, दूसरे सत्र की परीक्षा में चार परीक्षार्थियों को विलंब से पहुंचने के कारण केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। इसमें दुर्गापुर व पुरुलिया के परीक्षार्थी भी शामिल थे। परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने के बाद केंद्र पहुंचे। छात्र व अभिभावक गेट खोलने के लिए आग्रह करते रहे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिला।

परीक्षार्थियों ने बताया की तीनों सत्र में केंद्र में दस से ज्यादा परीक्षार्थियों को समय से नहीं पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं मिला। उनका कहना था कि रांची में जाम के कारणवे समय से नहीं पहुंच सके। दोनों परीक्षा केंद्रों पर लगभग चार हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि इस साल का पेपर पिछले साल की तुलना में कठिन था। इसबार टीटा टाइप सवाल भी ज्यादा पूछे गए थे। परीक्षा तीन सत्रों में सुबह 8:30 से 10:30 तक, दोपहर 12:30 से 2:30 तक और शाम 4:30 से 6:30 तक हुई। केंद्रों में जांच प्रक्रिया से अभ्यर्थियों को गुजरना पड़ा। तुपुदाना के अलावा ओरमांझी के एक सेंटर में परीक्षा हुई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




